CG News: सीएम साय ने आगामी वर्ष को ‘महतारी गौरव वर्ष’ घोषित किया, मातृशक्ति के सम्मान को प्राथमिकता
CG News: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि माताओं और बहनों का आशीर्वाद ही सरकार की सबसे बड़ी शक्ति है, उनकी स्नेहपूर्ण सहभागिता से ही जनसेवा की ऊर्जा मिलती है, और इसी भावना से आगामी वर्ष को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में घोषित किया गया है.
विश्वास वर्ष से अटल निर्माण वर्ष तक
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि, सेवा के पहले वर्ष को ‘विश्वास वर्ष’ के रूप में मनाया गया, जिसमें शासन और जनता के बीच विश्वास की पुनर्स्थापना की गई, दूसरे वर्ष को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को समर्पित ‘अटल निर्माण वर्ष’ के रूप में मनाते हुए विकास और जनकल्याण के महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए गए.
जनता के सामने रखा गया रिपोर्ट कार्ड
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, सरकार की उपलब्धियों का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड सीधे जनता के समक्ष प्रस्तुत किया गया है, जो पारदर्शिता, जवाबदेही और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
महतारी गौरव वर्ष का उद्देश्य
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, ‘महतारी गौरव वर्ष’ के दौरान राज्य की सभी प्रमुख योजनाओं और कार्यक्रमों का केंद्र माताएँ और बहनें होंगी, यह वर्ष मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और सामाजिक गरिमा को सशक्त करने के लिए समर्पित रहेगा, मुख्यमंत्री साय ने विश्वास व्यक्त किया कि, इस पहल से मातृशक्ति के नेतृत्व और सहभागिता को नई दिशा मिलेगी, जो विकसित और न्यायसंगत छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव बनेगी.
जनादेश परब में जनसमर्थन के लिए आभार
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जांजगीर में आयोजित ‘जनादेश परब’ की ऐतिहासिक जनसभा में उमड़े जनसमर्थन के लिए प्रदेशवासियों का हृदय से आभार व्यक्त किया, मुख्यमंत्री ने जनसभा में उपस्थित केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के प्रेरणादायक उद्बोधन के लिए आभार जताते हुए कहा कि, उनके मार्गदर्शक विचारों से कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों में नया उत्साह संचारित हुआ है, मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, जनसभा में उमड़ी विशाल भीड़ लोकतंत्र में जनता के अटूट विश्वास और सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की व्यापक स्वीकृति का सशक्त प्रमाण है.



