CG News: बस्तर की महिला किसानों ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान, दिल्ली में मिला ‘मिलेनियर फार्मर ऑफ इंडिया–2025’ सम्मान
CG News: छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल की महिलाएं अब पारंपरिक खेती की सीमाओं को तोड़कर आधुनिक कृषि के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बना रही हैं, मेहनत, नवाचार और आत्मविश्वास के दम पर बस्तर की दो महिला किसानों ने राष्ट्रीय मंच पर प्रदेश का नाम रोशन किया है.
नई दिल्ली में मिला प्रतिष्ठित सम्मान
बस्तर जिले के बकावंड जनपद की दो महिला किसान सुमनी कश्यप और नेत्री बाई कश्यप को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय समारोह में ‘मिलेनियर फार्मर ऑफ इंडिया–2025’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, यह कार्यक्रम पूसा स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान में आयोजित हुआ.

बिहान योजना से जुड़ी हैं दोनों किसान
सम्मान प्राप्त करने वाली दोनों महिलाएं छिंदगांव और करीतगांव की निवासी हैं और छत्तीसगढ़ सरकार की बिहान योजना से जुड़े स्वयं सहायता समूह की सक्रिय सदस्य हैं, इन्होंने खेती में आधुनिक तकनीक और उन्नत पद्धतियों को अपनाकर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है.
कृषि जागरण के राष्ट्रीय आयोजन में सम्मान
यह प्रतिष्ठित पुरस्कार कृषि जागरण द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में प्रदान किया गया, समारोह में कृषि वैज्ञानिकों और भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में इन महिला किसानों को सम्मानित किया गया.
सीमित संसाधनों से समृद्धि तक का सफर
चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बावजूद इन महिलाओं ने खेती को रोजगार और समृद्धि का माध्यम बनाया, वैज्ञानिक प्रयोग, बेहतर उत्पादन तकनीक और प्रभावी मार्केटिंग के जरिए इन्होंने न सिर्फ आर्थिक मजबूती हासिल की, बल्कि आत्मनिर्भरता की मिसाल भी पेश की.
आधुनिक कृषि से जुड़ने का मिला अवसर
दिल्ली में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान दोनों महिला किसानों ने आधुनिक कृषि तकनीक, कृषि स्टार्टअप, मार्केटिंग और उद्यमिता से जुड़े विभिन्न सत्रों में हिस्सा लिया, इससे उन्हें भविष्य की उन्नत कृषि संभावनाओं को समझने और अपनाने का अवसर मिला.
महिला सशक्तिकरण की मजबूत मिसाल
बस्तर से निकलकर देश की राजधानी में सम्मान प्राप्त करना महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है, यह उपलब्धि प्रदेश की महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी.




