CG News: सीएम साय ने लालपुर को दी विकास की सौगातें, कहा – सत्य और समानता से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़
CG News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुंगेली जिले के लालपुर में आयोजित गुरु घासीदास जयंती एवं तीन दिवसीय मेला कार्यक्रम में शामिल हुए, कार्यक्रम की शुरुआत उन्होंने बाबा गुरु घासीदास मंदिर और जैतखाम में विधिवत पूजा-अर्चना करके प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना के साथ की.
सत्य, समानता और मानवता का संदेश
सीएम साय ने कहा कि, बाबा गुरु घासीदास के बताए सत्य, समानता और मानवता के मार्ग पर चलकर ही छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाया जा सकता है, उन्होंने बताया कि राज्य सरकार महापुरुषों के आदर्शों के अनुरूप समतामूलक और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए लगातार कार्य कर रही है.
लालपुर को मिली बड़ी विकास घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर लालपुर में नवीन महाविद्यालय की स्थापना की घोषणा की, इसके अलावा, मेला और कार्यक्रम आयोजन हेतु राशि 10 लाख से बढ़ाकर 15 लाख रुपये की गई, कार्यक्रम स्थल पर भव्य प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 25 लाख रुपये स्वीकृत किए गए, मुंगेली स्थित सतनाम भवन के जीर्णोद्धार हेतु 25 लाख रुपये की मंजूरी दी गई.
किसानों और महिलाओं के हित में ऐतिहासिक कदम
मुख्यमंत्री ने कहा कि, सरकार प्रत्येक पात्र किसान से धान खरीदी के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है, बीते दो वर्षों में धान के रकबे और किसानों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, अब तक प्रदेश की 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ दिया जा चुका है और 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं.
नई औद्योगिक नीति लागू
सीएम साय ने बताया कि राज्य में नई औद्योगिक नीति लागू की गई है, जिससे युवाओं को उद्यमिता के अवसर मिल रहे हैं और पीएसी चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई, इस अवसर पर सीएम साय ने सतनाम आचार संहिता एवं जागरूकता कैलेंडर का भी विमोचन किया, जो समाज में नैतिक मूल्यों और जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य रखता है.
जनप्रतिनिधियों ने जताया सरकार पर भरोसा
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने अनुसूचित जाति प्राधिकरण के बजट को 50 करोड़ से बढ़ाकर 75 करोड़ रुपये किए जाने की जानकारी दी, कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य में सर्वसमाज का समावेशी विकास हो रहा है, कार्यक्रम में खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, विधायक डोमन लाल कोरसेवाड़ा, पूर्व विधायक सनम जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय सहित कई जनप्रतिनिधि और सतनामी समाज के अनुयायी उपस्थित रहे.



