CG News: छत्तीसगढ़ में जन्म–मृत्यु प्रमाण पत्र अब 100% ऑनलाइन, डिजिटल व्यवस्था से प्रक्रिया हुई सरल और पारदर्शी
CG News: छत्तीसगढ़ राज्य में जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को पूरी तरह ऑनलाइन कर दिया गया है, इस बदलाव से अब नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और प्रमाण पत्र पारदर्शी व सुगम तरीके से ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से जारी किए जा रहे हैं.
संशोधित पोर्टल से मिला तकनीकी आधार
भारत सरकार के महापंजीयक कार्यालय, नई दिल्ली द्वारा वर्ष 2023 में संशोधित ऑनलाइन पोर्टल लागू किए जाने के बाद यह व्यवस्था प्रभावी हुई है, पोर्टल के सफल क्रियान्वयन से जन्म–मृत्यु पंजीकरण प्रणाली अधिक विश्वसनीय और आधुनिक बनी है, संशोधित जन्म–मृत्यु पंजीकरण अधिनियम, 1969 के तहत अक्टूबर 2023 के बाद जन्म लेने वाले सभी बच्चों के लिए जन्म प्रमाण पत्र हीं जन्म तिथि का एकमात्र वैध दस्तावेज होगा, इससे पहचान संबंधी सभी प्रक्रियाओं में एकरूपता सुनिश्चित होगी.

पुराने मामलों के लिए वैकल्पिक दस्तावेज मान्य
अक्टूबर 2023 से पहले जन्मे बच्चों के मामलों में पहले की तरह अन्य वैकल्पिक दस्तावेज मान्य रहेंगे, इसके अलावा पहले जारी किए गए ऑफलाइन प्रमाण पत्रों को भी ऑनलाइन पोर्टल पर डिजिटल रूप में सुरक्षित रखा जा सकता है.
तकनीकी चुनौतियों का समाधान
शुरुआती दौर में सामने आई तकनीकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया गया है, वर्तमान में पोर्टल पूरी तरह सुचारु रूप से कार्य कर रहा है और भारत सरकार द्वारा आवश्यक तकनीकी सहयोग लगातार उपलब्ध कराया जा रहा है.
रजिस्ट्रार को दिया गया विशेष प्रशिक्षण
इस व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए राज्य के सभी जन्म–मृत्यु रजिस्ट्रार को पोर्टल संचालन का प्रशिक्षण दिया गया है, जिला स्तर पर भी नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो.
आधार निर्माण में भी आएगी एकरूपता
राज्य सरकार ने आधार कार्ड निर्माण से जुड़ी एजेंसियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि जन्म प्रमाण पत्र के आधार पर नागरिकों को समय पर और सही दस्तावेज मिल सकें.
डिजिटल सेवाओं की दिशा में मजबूत कदम
जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र की ऑनलाइन व्यवस्था छत्तीसगढ़ में डिजिटल सेवाओं के विस्तार, प्रशासनिक दक्षता और नागरिक सुविधा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे आम जनता को तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद सेवाएं मिल रही हैं.

