CG News: दुर्ग में स्मार्ट एजुकेशन और आईटी हब की तैयारी तेज, 500-सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी को मंजूरी
CG News: दुर्ग जिले में शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए सरकार ने 70 सरकारी स्कूलों को स्मार्ट स्कूलों में बदलने की तैयारी शुरू कर दी है, इनमें से 21 स्कूलों को पहले चरण की स्वीकृति मिल चुकी है, साथ ही, जिले में संगीत विश्वविद्यालय की स्थापना और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए नालंदा परिसर का निर्माण भी तय किया गया है.
500 सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी को मंजूरी
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को बढ़ावा देने के लिए 1142.28 लाख की लागत से 500-सीटर सेंट्रल लाइब्रेरी को भी मंजूरी दी गई है, यह लाइब्रेरी युवाओं के लिए बड़ा संसाधन केंद्र बनने जा रही है.
शिक्षा मंत्री ने बताई दो साल की उपलब्धियां
प्रदेश में भाजपा सरकार के दो साल पूरे होने पर स्कूल शिक्षा मंत्री ने दुर्ग जिले के विकास कार्यों की जानकारी साझा की, उन्होंने बताया कि, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, सड़क और नगरीय विकास के लिए करोड़ों की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं.
दुर्ग में बनेगा आईटी हब
दुर्ग को आईटी हब बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए IIT भिलाई और छत्तीसगढ़ सरकार के बीच आईटी पार्क स्थापना के लिए एमओयू साइन किया गया है, यह आईटी पार्क युवाओं को रोजगार, स्टार्टअप और तकनीकी नवाचार के नए अवसर प्रदान करेगा.
सड़क चौड़ीकरण को भी स्वीकृति
शहर में बढ़ते ट्रैफिक को देखते हुए कई महत्वपूर्ण सड़कों के चौड़ीकरण को मंजूरी दी गई है, प्रमुख मार्ग जैसे चंडी मंदिर रोड, जेल तिराहा–मिनी माता चौक फोरलेन, महाराजा चौक–बोरसी चौक फोरलेन, राजेन्द्र पार्क–IMA चौक फोरलेन, जीई रोड–स्टेशन रोड और स्टेशन रोड–शहीद चौक, इन सभी के लिए 1 अरब 5 करोड़ 76 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं.
आधुनिक इंडोर स्टेडियम का निर्माण
रविशंकर स्टेडियम के पास 144.68 लाख रुपए की लागत से आधुनिक इंडोर बैडमिंटन कोर्ट तैयार किया गया है, साथ हीं 148.68 लाख की लागत से स्विमिंग पूल निर्माण अंतिम चरण में है, उरला में 198.39 लाख की लागत से मिनी स्टेडियम बन रहा है और BCCI की ओर से रविशंकर स्टेडियम को विकसित करने की प्रक्रिया जारी है, सरकार का लक्ष्य दुर्ग को स्पोर्ट्स हब बनाना है.
बुनियादी सुविधाओं में बड़ा निवेश
शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए कई परियोजनाएं लागू की जा रही हैं, जैसे कि, 1100 से अधिक बिजली पोल, 6 हाई-मास्ट लाइट, 10 सोलर हाई-मास्ट, 20 स्थानों पर नए ट्रांसफॉर्मर, 42 MLD फिल्टर प्लांट अपग्रेडेशन और अमृत मिशन के तहत 188.73 करोड़ की जल परियोजनाएं, दुर्ग निगम क्षेत्र के 116 स्थानों पर सीसी रोड व नाली निर्माण जारी है, इसके लिए 31 करोड़ 6 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं, साथ ही सिकोला नाला निर्माण के लिए 975.56 लाख रुपए मंजूर हुए हैं.



