CG News: जीई रोड पर बनेगा 173 करोड़ का फ्लाईओवर, डिप्टी CM ने की पहल
CG News: राजधानी रायपुर के जीई रोड पर लंबे समय से प्रतीक्षित फ्लाईओवर निर्माण को आखिरकार मंजूरी मिल गई है, उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की पहल पर पीडब्ल्यूडी ने गुरु तेगबहादुर उद्यान से तेलीबांधा और नेताजी सुभाष चौक से गुरुनानक चौक तक बनने वाले फ्लाईओवर के लिए 173 करोड़ रुपये की स्वीकृति जारी कर दी है, इसके बन जाने से शहर को जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है.
फ्लाईओवर बदलेगा ट्रैफिक का नक्शा
इस वर्ष 2025–26 के बजट में शामिल यह फ्लाईओवर करीब 1.5 किलोमीटर लंबा और 16.61 मीटर चौड़ा होगा, इसके बन जाने से शंकर नगर चौक, केनाल रोड क्रॉसिंग और गुरुनानक चौक की ट्रैफिक समस्या काफी हद तक खत्म हो जाएगी, नगरघड़ी चौक से आने वाला यातायात सीधे तेलीबांधा थाने की ओर पहुंचेगा, जबकि अटल एक्सप्रेस-वे के माध्यम से एयरपोर्ट तक पहुंचना और भी आसान होगा.
फुंडहर चौक पर भी फ्लाईओवर का प्रस्ताव
सरकार एक्सप्रेस-वे पर फुंडहर चौक में भी एक नया फ्लाईओवर बनाने की तैयारी कर रही है, राज्य शासन पहले ही अटल एक्सप्रेस-वे को VIP रोड (एयरपोर्ट रोड) से जोड़ने वाले फ्लाईओवर को मंजूरी दे चुका है, जिसका निर्माण जल्द शुरू होने वाला है.
PTS चौक फ्लाईओवर प्रस्ताव अगले बजट में
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि, पीटीएस चौक फ्लाईओवर के प्रस्ताव को आगामी वित्तीय वर्ष 2026–27 के बजट में शामिल किया जाए, इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से रेलवे स्टेशन से एयरपोर्ट तक का सफर बेहद आसान हो जाएगा.



