CG News : राज्यभर में 33 जिलों में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू,उपार्जन केंद्रों में टोकन प्रणाली
CG News : रायपुर, राज्य के सभी जिलों में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला बिना किसी व्यवधान के लगातार जारी है। धान खरीदी शुरू हुए सिर्फ चार दिन हुए हैं, लेकिन राज्य के उपार्जन केंद्रों में धान की आवक तेज़ी से हो रही है। सहकारी समिति के कर्मचारियों की हड़ताल के बावजूद धान खरीदी पूरी तरह से अप्रभावित है।
4.56 लाख क्विंटल धान का उपार्जन
18 नवंबर को किसानों से 4,56,859 क्विंटल धान खरीदी गई। 15 नवंबर से अब तक राज्य में कुल 7,28,404 क्विंटल धान का उपार्जन किया जा चुका है, जिसमें मोटा धान – 3,04,512 क्विंटल, पतला धान – 2,01,174 क्विंटल, और सरना धान – 2,22,317 क्विंटल शामिल हैं।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुसार, राज्य के सभी 2,739 धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा हेतु पारदर्शी टोकन प्रणाली, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, नमी मापक यंत्र, बारदाना एवं अन्य सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। किसानों को भुगतान की सुविधा भी छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा सुनिश्चित की गई है। इस साल धान खरीदी के लिए छत्तीसगढ़ राज्य विपणन संघ को 26,200 करोड़ रुपए की बैंक गारंटी दी गई है, ताकि किसानों को समर्थन मूल्य के भुगतान में कोई दिक्कत न हो।
33 जिलों में धान खरीदी शुरू
खाद्य विभाग के अनुसार, राज्य के सभी 33 जिलों में धान खरीदी शुरू हो चुकी है। 18 नवंबर तक 1,155 उपार्जन केंद्रों में किसानों ने अपना धान बेचा है। बेमेतरा जिले में अब तक 97,698.8 क्विंटल, राजनांदगांव में 92,390.4 क्विंटल, और रायपुर में 83,299.2 क्विंटल धान खरीदा गया है।



