CG News: रायपुर में अवंतिविहार टंकी के काम से दो वार्डों में संकट
CG News: रायपुर के अवंतिविहार ओवरहेड टैंक में डिस्ट्रीब्यूशन वाल्व बदलने के कारण 14 नवंबर को महर्षि वाल्मिकी व नेताजी सुभाष बोस वार्ड में पानी सप्लाई बाधित रहेगी। शहर की 43 में से 39 टंकियों में सिंगल वाल्व होने से लाखों लीटर पानी बर्बाद होता है।
जानिए क्या है मामला
रायपुर नगर निगम जोन-9 क्षेत्र की अवंतिविहार पानी टंकी में डिस्ट्रीब्यूशन वाल्व बदलने का काम होने के कारण आज महर्षि वाल्मिकी वार्ड और नेताजी सुभाषचंद्र बोस वार्ड में पानी की सप्लाई बाधित रहेगी। वाल्व बदलने के दौरान टंकी में जलभराव नहीं होने से दोनों वार्डों में दिनभर पानी नहीं पहुंचेगा।
डबल वाल्व लगाने का काम जारी
जल विभाग के कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि अवंतिविहार टंकी में अभी सिंगल वाल्व लगा है, जिसे डबल वाल्व में बदला जा रहा है। यह काम जोन स्तर पर किया जाएगा। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद शनिवार सुबह से दोनों वार्डों में पानी की आपूर्ति सामान्य रूप से शुरू हो जाएगी।
43 में से सिर्फ 5 टंकियों में डबल वाल्व
नगर निगम की कुल 43 पानी टंकियों में से केवल 5 में ही डबल वाल्व लगा है। बाकी 39 टंकियों में सिंगल वाल्व होने से वाल्व खराब होने पर पूरी टंकी खाली करनी पड़ती है, जिससे लाखों लीटर पानी बर्बाद होता है। इसे रोकने के लिए सभी टंकियों में डबल वाल्व लगाने का 2 करोड़ रुपये का प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजा गया है।



