Jashpur News: जशपुर के 50 विद्यार्थी तैयार करेंगे सैटेलाइट पेलोड, CM साय ने शुरू किया JOHAR Edu-SAT प्रोजेक्ट
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान की दुनिया में नई संभावनाओं के दरवाजे खुलने जा रहे हैं. यहां के 50 चयनित विद्यार्थी अब केवल अंतरिक्ष विज्ञान की पढ़ाई ही नहीं करेंगे, बल्कि खुद सैटेलाइट पेलोड विकसित करने की तकनीक भी सीखेंगे. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगिया स्थित अपने निज निवास से महत्वाकांक्षी JOHAR Edu-SAT परियोजना का शुभारंभ किया. इस पहल को जिला प्रशासन जशपुर द्वारा अदाणी फाउंडेशन के CSR सहयोग और IDYM फाउंडेशन के तकनीकी मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है.

CM साय ने विद्यार्थियों का बढ़ाया उत्साह
परियोजना की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिला प्रशासन, सहयोगी संस्थाओं और विद्यार्थियों को बधाई दी. उन्होंने कहा कि जशपुर जैसे जनजातीय बहुल क्षेत्र के बच्चों का अंतरिक्ष विज्ञान में आगे बढ़ना पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है. ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही अवसर, आधुनिक संसाधन और मार्गदर्शन देने की है. मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है. ऐसे में प्रदेश के दूरस्थ इलाकों के विद्यार्थियों का इस यात्रा से जुड़ना उत्साहजनक है.
सैटेलाइट इंजीनियरिंग से लेकर कोडिंग तक की ट्रेनिंग
JOHAR Edu-SAT के तहत चयनित विद्यार्थियों को सैटेलाइट इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, कोडिंग, रेडियो संचार और अंतरिक्ष तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है. इसके लिए इसरो के सेवानिवृत्त वैज्ञानिकों और अनुभवी विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है. जिला प्रशासन पहले से ही अंतरिक्ष ज्ञान अभियान, रोबोटिक्स, रॉकेट्री, सैटेलाइट प्रशिक्षण और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस जैसी गतिविधियों के जरिए बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़ रहा है. इसी कड़ी में अब विद्यार्थियों को अपना शैक्षणिक Amateur Radio Satellite Payload डिजाइन करने, बनाने और उसका परीक्षण करने का अवसर मिल रहा है.

अप्रैल 2027 में प्रस्तावित है सैटेलाइट पेलोड का प्रक्षेपण
इस परियोजना का तकनीकी क्रियान्वयन IDYM फाउंडेशन कर रहा है, जो इसरो में पंजीकृत स्पेस ट्यूटर संस्था है. परियोजना के तहत तैयार होने वाले सैटेलाइट पेलोड को इसरो के POEM/SMiLE प्लेटफॉर्म के माध्यम से अंतरिक्ष में भेजने की योजना है. इसका संभावित प्रक्षेपण अप्रैल 2027 में निर्धारित किया गया है. खास बात यह है कि इस मिशन के जरिए विद्यालयों द्वारा भेजे गए संदेशों को अंतरिक्ष से प्रसारित करने का लक्ष्य रखा गया है. इसके लिए जशपुर में UHF ग्राउंड स्टेशन भी स्थापित किया गया है, जहां विद्यार्थी सैटेलाइट ट्रैकिंग, डेटा रिसीव करने और उसे डिकोड करने की प्रक्रिया सीखेंगे.
अब कल्पना नहीं, खुद तकनीक विकसित कर रहे विद्यार्थी
IDYM फाउंडेशन के प्रतिनिधि शिव सिंह भदौरिया के मुताबिक, इस परियोजना से विद्यार्थियों की वैज्ञानिक सोच में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है. पहले बच्चे अंतरिक्ष और सैटेलाइट के बारे में केवल किताबों और कल्पनाओं के जरिए जानते थे, लेकिन अब वे वास्तविक उपकरणों के साथ काम कर रहे हैं. विद्यार्थियों में यह जानने की उत्सुकता बढ़ रही है कि सैटेलाइट कैसे काम करता है, अंतरिक्ष में सिग्नल कैसे भेजे जाते हैं और वहां से डेटा किस तरह प्राप्त होता है. इस व्यावहारिक प्रशिक्षण से बच्चों का आत्मविश्वास और वैज्ञानिक जिज्ञासा दोनों बढ़ रहे हैं.
जनजातीय अंचल से अंतरिक्ष मिशन तक नई उड़ान
JOHAR Edu-SAT परियोजना जशपुर के विद्यार्थियों के लिए एक प्रशिक्षण कार्यक्रम से कहीं आगे बढ़कर विज्ञान और अनुसंधान की दुनिया में प्रवेश का अवसर बन रही है. इसकी मदद से जनजातीय अंचल के बच्चे वास्तविक अंतरिक्ष मिशन से जुड़ी तकनीकी प्रक्रियाओं को समझ सकेंगे और भविष्य में वैज्ञानिक, इंजीनियर तथा अनुसंधानकर्ता बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की इस पहल का उद्देश्य प्रदेश के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा और नवाचार से जोड़ना है. अब देखना होगा कि जशपुर के इन 50 विद्यार्थियों का तैयार किया गया सैटेलाइट पेलोड अप्रैल 2027 में अंतरिक्ष की दुनिया में क्या उपलब्धि हासिल करता है.


One Response