CG News: ‘तुंहर टोकन’ ऐप से आसान हुई धान खरीदी, 3100 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा समर्थन मूल्य
CG News: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था को किसानों के लिए आसान और पारदर्शी बनाने के लिए राज्य सरकार डिजिटल सुविधाओं का विस्तार कर रही है. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शुरू की गई ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप सुविधा से किसानों को बड़ी राहत मिल रही है. अब धान बेचने के लिए टोकन लेने सहकारी समितियों के चक्कर लगाने और लंबी कतारों में इंतजार करने की जरूरत नहीं है. किसान अपने मोबाइल से घर बैठे टोकन प्राप्त कर निर्धारित तारीख और समय पर उपार्जन केंद्र पहुंचकर धान बेच सकते हैं.
-1793380539338_v.webp)
छोटे किसानों के लिए विशेष व्यवस्था
ऑनलाइन टोकन सुविधा में छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी गई है. प्रत्येक सहकारी समिति की दैनिक खरीदी क्षमता का 70 प्रतिशत हिस्सा ऑनलाइन टोकन और 30 प्रतिशत हिस्सा ऑफलाइन टोकन के लिए निर्धारित किया गया है. ऑनलाइन व्यवस्था में 80 प्रतिशत टोकन लघु एवं सीमांत किसानों और 20 प्रतिशत बड़े किसानों के लिए रखे गए हैं. वहीं, जमीन के रकबे के अनुसार टोकन की संख्या भी तय की गई है. दो एकड़ तक भूमि वाले किसानों को एक, दो से दस एकड़ तक भूमि वालों को दो और दस एकड़ से अधिक भूमि वाले किसानों को अधिकतम तीन टोकन दिए जा सकते हैं.

डिजिटल निगरानी से पारदर्शिता पर जोर
धान खरीदी में गड़बड़ियों पर रोक लगाने और वास्तविक किसानों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार तकनीक का इस्तेमाल कर रही है. इसके तहत एग्रीस्टैक आईडी, डिजिटल क्रॉप सर्वे, बायोमेट्रिक सत्यापन और स्टेट इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं. उपार्जन केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल, बारदाने की उपलब्धता, पेयजल और छाया जैसी सुविधाओं पर भी ध्यान दिया जा रहा है. इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य धान खरीदी की प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और पारदर्शी बनाना है.

नारायणपुर के किसान ने बेचा 55 क्विंटल धान
डिजिटल सुविधा का लाभ नारायणपुर जिले के ग्राम दुग्गा बेंगाल निवासी किसान मनकेर दुग्गा को भी मिला है. करीब चार एकड़ कृषि भूमि वाले मनकेर ने ‘तुंहर टोकन’ ऐप से घर बैठे टोकन प्राप्त किया और एड़का धान उपार्जन केंद्र में 55 क्विंटल 20 किलोग्राम धान बेचा. 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से उनकी उपज का कुल मूल्य 1 लाख 71 हजार 120 रुपये हुआ. किसान के मुताबिक, इस बार उन्हें टोकन के लिए समिति के चक्कर नहीं लगाने पड़े और निर्धारित तारीख पर आसानी से धान बेच सके.
![]()
अंबिकापुर से कोरबा तक किसानों को राहत
अंबिकापुर जिले के रामपुर धान खरीदी केंद्र में सात ग्राम पंचायतों के 826 पंजीकृत किसानों से धान खरीदा जा रहा है. यहां किसान भुवनेश्वर राम राजवाड़े ने 22 क्विंटल और पोड़ी खुर्द के किसान इतबल राम ने 20 क्विंटल धान बेचने के लिए केंद्र पहुंचाया. वहीं, कोरबा जिले के धनगांव निवासी शिवराज सिंह ने बताया कि ऑनलाइन टोकन से उनका समय और श्रम बच रहा है. पहले टोकन के लिए समिति जाना पड़ता था, लेकिन अब मोबाइल से ही यह सुविधा मिल रही है.

रायगढ़ और सरगुजा में भी ऐप का लाभ
रायगढ़ जिले के ग्राम गोर्रा निवासी किसान देवेंद्र पटेल ने भी ऐप के माध्यम से ऑनलाइन टोकन प्राप्त किया. पांच एकड़ कृषि भूमि वाले देवेंद्र ने बताया कि टोकन लेने में उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई. उन्होंने उपार्जन केंद्र में पेयजल और छाया जैसी सुविधाओं को भी उपयोगी बताया. दूसरी ओर, सरगुजा जिले के उदयपुर धान उपार्जन केंद्र में 10 ग्राम पंचायतों के 878 पंजीकृत किसानों को खरीदी की सुविधा मिल रही है. ग्राम बेलडाप के किसान मूलचंद ने ऐप से टोकन लेकर 38 क्विंटल धान विक्रय के लिए केंद्र पहुंचाया. यहां पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं.
![]()
तकनीक से किसान हितों को प्राथमिकता
छत्तीसगढ़ में ‘तुंहर टोकन’ ऐप के जरिए धान खरीदी प्रक्रिया को डिजिटल और सुविधाजनक बनाने की कोशिश की जा रही है. किसानों के अनुभवों के मुताबिक, ऑनलाइन टोकन से अनावश्यक भागदौड़ कम हुई है और समय की बचत हो रही है. वहीं, डिजिटल निगरानी और उपार्जन केंद्रों पर सुविधाओं के विस्तार से खरीदी व्यवस्था को बेहतर बनाने पर जोर दिया जा रहा है. राज्य सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ धान विक्रय की पूरी प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाना है.


One Response