CG Story: छत्तीसगढ़ की लोकपरंपरा ‘बढ़होना’, धान की आखिरी कटाई पर धरती माता और अन्न देवता की होती है पूजा
CG Story: छत्तीसगढ़ के ग्रामीण अंचलों में खेती केवल आजीविका का साधन नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति और परंपराओं का भी अहम हिस्सा है. धान की कटाई जब अंतिम चरण में पहुंचती है, तब गांवों में एक विशेष उत्सव मनाया जाता है. इसे ‘बढ़होना’ के नाम से जाना जाता है. यह परंपरा फसल की अच्छी पैदावार के लिए प्रकृति के प्रति आभार जताने, अन्न का सम्मान करने और खेती में सहयोग देने वाले मजदूरों के श्रम को नमन करने से जुड़ी है.
आखिरी बालियों की होती है पूजा
बढ़होना की रस्म धान की पूरी कटाई होने से पहले निभाई जाती है. किसान खेत के एक कोने में पांच मुट्ठी धान या कुछ पौधे बचाकर रखते हैं. जब पूरे खेत की लुवाई पूरी हो जाती है, तब बची हुई फसल के पास पूजा की तैयारी की जाती है. कटी हुई धान की पुलियों यानी करपा के ऊपर हंसिया और अन्न रखकर धरती माता, अन्न देवता और कृषि उपकरणों की पूजा होती है. इस दौरान नारियल फोड़ा जाता है और खीर, पूड़ी, मुर्रा व चना जैसे पारंपरिक पकवानों का भोग लगाया जाता है. पूजा संपन्न होने के बाद बची हुई धान की फसल काटकर कटाई पूरी की जाती है.
मजदूरों को दिया जाता है विशेष सम्मान
इस परंपरा में खेतिहर मजदूरों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण होती है. पूजा के बाद कटाई में शामिल मजदूर किसान के माथे पर तिलक लगाकर अच्छी पैदावार और परिवार की खुशहाली का आशीर्वाद देते हैं. इसके बदले किसान उन्हें अनाज, पारंपरिक उपहार या अतिरिक्त पारिश्रमिक देते हैं. स्थानीय बोली में इस परंपरा को ‘बढ़होना देना’ कहा जाता है. इसके साथ ही मजदूरों को मुर्रा, लाई और नारियल का प्रसाद भी बांटा जाता है. इस तरह खेती के पूरे सीजन में मेहनत करने वाले श्रमिकों के योगदान को सम्मान दिया जाता है.
पटाखों की आवाज से गांव को मिलती है सूचना
बढ़होना उत्सव की एक खास रस्म पटाखे फोड़ने की भी है. पूजा और धान की अंतिम कटाई पूरी होने के बाद किसान खेत में पटाखे जलाते हैं. इनकी आवाज आसपास के खेतों और गांवों तक पहुंचती है. इससे दूसरे किसानों को जानकारी मिलती है कि किसी किसान के खेत में बढ़होना का आयोजन हुआ है. यह रस्म ग्रामीण समाज में उत्सव की खुशियां साझा करने और आपसी मेलजोल बढ़ाने का माध्यम भी बनती है.
अन्न की समृद्धि के लिए परंपरागत विश्वास
बढ़होना शब्द को बढ़ोतरी और समृद्धि की कामना से जोड़कर देखा जाता है. ग्रामीण मान्यता के अनुसार, इस परंपरा को निभाने से घर में अन्न-धन की कमी नहीं होती और अगली फसल में भी अच्छी पैदावार होती है. किसान इसे धरती माता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और आने वाले कृषि वर्ष के लिए सुख-समृद्धि की कामना करने का अवसर मानते हैं. इस परंपरा में प्रकृति और खेती के बीच गहरा रिश्ता दिखाई देता है.
बदलते दौर में भी कायम है लोकसंस्कृति
समय के साथ खेती के तरीके और कृषि उपकरणों में बदलाव आया है, लेकिन छत्तीसगढ़ के कई गांवों में बढ़होना की परंपरा आज भी निभाई जाती है. यह उत्सव बताता है कि खेती सिर्फ फसल उगाने और अनाज हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें किसान, खेतिहर मजदूर और प्रकृति तीनों का साझा योगदान होता है. धान की आखिरी बालियों की कटाई के साथ किसान न केवल अपनी मेहनत का फल घर ले जाता है, बल्कि अगली फसल और बेहतर भविष्य की उम्मीद भी संजोता है.


One Response