CG News: नवा रायपुर में 88 हेक्टेयर में बनेगी आधुनिक एयरोसिटी, जानिए क्या-क्या होगा खास
CG News: छत्तीसगढ़ की राजधानी क्षेत्र में शहरी विकास को नई दिशा देने के लिए नवा रायपुर अटल नगर में एक बड़ी परियोजना पर काम आगे बढ़ रहा है. स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट के नजदीक अत्याधुनिक एयरोसिटी विकसित करने की तैयारी तेज कर दी गई है. इसके लिए मंदिरहसौद तहसील के रमचंडी और बरौदा गांव में 88.297 हेक्टेयर जमीन चिन्हित की गई है. परियोजना के बुनियादी ढांचे पर करीब 146.43 करोड़ रुपये खर्च किए जाने का प्रस्ताव है.
![]()
होटल, मॉल और कार्गो जैसी सुविधाएं होंगी विकसित
प्रस्तावित एयरोसिटी में केवल यात्रियों की सुविधाओं तक सीमित विकास नहीं किया जाएगा, बल्कि इसे व्यावसायिक गतिविधियों का भी प्रमुख केंद्र बनाने की योजना है. यहां आधुनिक होटल, कार्गो सुविधाएं, शॉपिंग मॉल और क्लब हाउस विकसित किए जाएंगे. इसके अलावा सड़क, नाली, बिजली, पेयजल और भूमिगत केबल जैसी जरूरी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी. माना जा रहा है कि इससे एयरपोर्ट के आसपास कारोबार को विस्तार मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी तैयार होंगे.
88 हेक्टेयर जमीन पर इस तरह होगा विकास
नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण ने रमचंडी और बरौदा गांव की 88.297 हेक्टेयर जमीन के लिए नगर विकास योजना का प्रारूप तैयार कर लिया है. इसके लिए 7 मई 2026 को जारी पूर्व अधिसूचना के क्रम में प्रारूप प्रकाशन की अधिसूचना भी जारी की जा चुकी है. योजना में अलग-अलग जरूरतों के अनुसार जमीन का विभाजन किया गया है. इसमें 3.387 हेक्टेयर क्षेत्र मूलभूत सुविधाओं, 14.191 हेक्टेयर मनोरंजन और खुले स्थानों तथा 22.569 हेक्टेयर सड़क और आवागमन के लिए प्रस्तावित है.

मंजूरी और टेंडर के बाद शुरू होगा निर्माण
एयरोसिटी का नगर विकास योजना प्रारूप और लेआउट तैयार हो चुका है. अब योजना की मंजूरी और टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद अधोसंरचना विकास का काम शुरू होने की संभावना है. अंतिम योजना तैयार होने के बाद भूखंडों का आवंटन किया जाएगा. इसके लिए संबंधित भूस्वामियों के अद्यतन और प्रमाणित भू-स्वामित्व दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जाएगा.
कचना-लाभांडी-सड्डू टाउनशिप की योजना फिलहाल स्थगित
एक तरफ नवा रायपुर में एयरोसिटी की तैयारी आगे बढ़ रही है, वहीं दूसरी ओर रायपुर शहर के कचना, लाभांडी और सड्डू क्षेत्र में प्रस्तावित टाउनशिप योजना फिलहाल रुक गई है. रायपुर विकास योजना 2031 के तहत करीब 95.271 हेक्टेयर जमीन पर इस परियोजना का प्रस्ताव तैयार किया गया था. इसमें लाभांडी से कचना होते हुए सड्डू तक लगभग पांच किलोमीटर लंबी छह लेन सड़क बनाने और इसके दोनों तरफ टाउनशिप विकसित करने की योजना थी. लैंड पुलिंग के जरिए जमीन लेकर भूस्वामियों को उनकी मूल जमीन के बदले 40 प्रतिशत विकसित भूमि लौटाने का प्रावधान भी रखा गया था. हालांकि, निजी जमीन शामिल होने और बड़ी संख्या में दावा-आपत्तियां आने सहित अन्य अड़चनों के कारण शासन स्तर पर फिलहाल इस योजना को स्थगित करने का निर्णय लिया गया है.
रायपुर और नवा रायपुर के बीच 436 हेक्टेयर में टाउनशिप
रायपुर से नवा रायपुर के बीच शहरी विस्तार को लेकर एक अन्य महत्वपूर्ण योजना पर भी काम चल रहा है. लेयर-2 के अंतर्गत लगभग 436 हेक्टेयर यानी 1077 एकड़ क्षेत्र में टाउनशिप विकसित करने का प्रस्ताव है. इसमें सेरीखेड़ी, रीको, मंदिरहसौद और नकटी क्षेत्र शामिल किए गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, इस योजना की प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है और जल्द ही अधोसंरचना निर्माण शुरू होने की संभावना है. इस परियोजना में आवासीय और व्यावसायिक गतिविधियों के साथ हरित क्षेत्र, खुले स्थान और सार्वजनिक सुविधाओं को भी जगह दी जाएगी.
तीनों परियोजनाओं की अलग-अलग स्थिति
नवा रायपुर और रायपुर के आसपास शहरी विकास से जुड़ी इन तीन योजनाओं की स्थिति अलग-अलग है. एयरोसिटी के लिए 88.297 हेक्टेयर जमीन चिन्हित कर 146.43 करोड़ रुपये की अधोसंरचना योजना तैयार की गई है. कचना-लाभांडी-सड्डू की 95.271 हेक्टेयर वाली टाउनशिप योजना फिलहाल स्थगित है. वहीं रायपुर-नवा रायपुर के बीच 436 हेक्टेयर में प्रस्तावित टाउनशिप की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से आने वाले समय में राजधानी क्षेत्र के शहरी स्वरूप, व्यावसायिक गतिविधियों और आवासीय विकास में बदलाव देखने को मिल सकता है.

