CG News: BJYM राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी का छत्तीसगढ़ दौरा, कार्यकर्ताओं से लेकर खिलाड़ियों और युवतियों तक से करेंगे संवाद
CG News: छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता युवा मोर्चा की संगठनात्मक गतिविधियों के लिहाज से आज का दिन महत्वपूर्ण रहने वाला है. BJYM के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं. वे बीती रात राजधानी रायपुर पहुंचे. उनके आगमन को लेकर युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है. आज वे दिनभर अलग-अलग कार्यक्रमों में शामिल होकर युवाओं और संगठन के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे.

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में होंगे शामिल
डॉ. हेमांग जोशी आज सबसे पहले भारतीय जनता युवा मोर्चा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में शामिल होंगे. बैठक का यह दूसरा दिन है. इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव भी मौजूद रहेंगे. बैठक के अलग-अलग सत्रों में संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्ययोजनाओं और युवाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की जा रही है, कार्यसमिति की बैठक के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी युवा नेताओं और पदाधिकारियों को मार्गदर्शन देंगे. उनका फोकस संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं के बीच पार्टी की गतिविधियों को विस्तार देने पर रहेगा. बैठक में कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक कामकाज बेहतर बनाने के साथ युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के तरीके भी बताए जाएंगे.
साइंस कॉलेज में खिलाड़ियों से करेंगे सीधा संवाद
कार्यसमिति की बैठक के बाद डॉ. हेमांग जोशी साइंस कॉलेज पहुंचेंगे. यहां वे खिलाड़ियों के साथ संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे. इस दौरान खेल गतिविधियों, युवाओं के भविष्य और खिलाड़ियों के सामने आने वाली चुनौतियों पर चर्चा होगी. वे खिलाड़ियों से सीधे बातचीत कर उनके अनुभव और विचार भी जानेंगे, इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष अग्रसेन भवन में आयोजित युवतियों के संवाद कार्यक्रम में शामिल होंगे. यहां करियर, आत्मनिर्भरता और युवतियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर बातचीत होगी. इस कार्यक्रम के माध्यम से युवतियों के विचार और उनकी समस्याओं को समझने का प्रयास किया जाएगा.

नक्सल प्रभावित क्षेत्र के युवाओं से करेंगे संवाद
डॉ. हेमांग जोशी के दौरे का एक प्रमुख कार्यक्रम रावतपुरा विश्वविद्यालय में आयोजित युवा जोहार कार्यक्रम है. इसमें नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवा शामिल होंगे. राष्ट्रीय अध्यक्ष इन युवाओं के साथ नक्सल मुक्त बस्तर, विकास और समाज की मुख्यधारा से जुड़ने जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे. युवाओं को शिक्षा, रोजगार और विकास की गतिविधियों में भागीदारी के लिए प्रेरित करने पर भी जोर रहेगा.
पहले दिन सोशल मीडिया और संगठन विस्तार पर मंथन
इससे पहले कार्यसमिति की बैठक के पहले दिन सोशल मीडिया के प्रभावी इस्तेमाल को लेकर चर्चा हुई थी. कार्यकर्ताओं को सरकार की योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने का टास्क दिया गया. इसके साथ ही नए युवाओं को भाजपा की विचारधारा से जोड़ने और संगठन का विस्तार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया. अब दूसरे दिन के कार्यक्रमों में राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन और युवाओं के साथ संवाद प्रमुख रहेगा.

One Response