Jashpur News: CM साय ने पमशाला को दी विकास कार्यों की सौगात, महिलाओं को मिलेगा बड़ा फायदा
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. इन कार्यों पर कुल 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे. इसमें महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण से जुड़े कार्य शामिल हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा.

महिलाओं को मिलेंगी नई सुविधाएं
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया. इन भवनों के निर्माण पर कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये खर्च होंगे. महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के केंद्र बनेंगे. यहां महिलाएं सामूहिक रूप से बैठक कर सकेंगी और आपसी संवाद के साथ स्वरोजगार से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए भी बेहतर स्थान मिलेगा.

चार गांवों को सामुदायिक भवन की सौगात
विकास कार्यों की इसी कड़ी में मुख्यमंत्री ने तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में चार सामुदायिक भवनों के निर्माण की आधारशिला रखी. प्रत्येक भवन पर 13 लाख 27 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे. इन भवनों से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सुविधाजनक स्थान मिलेगा. इसके अलावा ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भी भूमिपूजन किया गया.

मंदिर तक बनी सीसी सड़क का लोकार्पण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने ग्राम पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से तैयार सीसी सड़क का लोकार्पण किया. सड़क निर्माण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी. वहीं प्रस्तावित पुलिया के निर्माण से भी क्षेत्र में संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है. सरकार की प्राथमिकता है कि सड़क, बिजली, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं का विस्तार करते हुए विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए.

महतारी सदन महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने का नया केंद्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण राज्य सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है. महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक सहायता देने के साथ अब महतारी सदनों के जरिए उन्हें सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. उन्होंने कहा कि महतारी सदन केवल भवन नहीं हैं, बल्कि गांव की माताओं और बहनों को अपनी प्रतिभा निखारने, आगे बढ़ने और आत्मनिर्भर बनने के अवसर प्रदान करने वाले केंद्र होंगे.

ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकास परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है. सड़क, पुलिया और सामुदायिक भवन जैसी सुविधाएं ग्रामीण जीवन को अधिक सहज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं. उन्होंने विश्वास जताया कि इन कार्यों से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी. इस अवसर पर पूर्व राज्यसभा सांसद रणविजय सिंह जूदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक भरत साय, जशपुर नगर पालिका उपाध्यक्ष यश प्रताप सिंह जूदेव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे.


One Response