CG Success Story: रायगढ़ के विद्याधर पटेल की गेंदा फूलों की खेती ने बदली किस्मत, 8 एकड़ में उत्पादन और 20 लोगों को रोजगार
CG Success Story: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के एक किसान ने अपनी मेहनत और खेती में नए प्रयोगों के दम पर सफलता की नई कहानी लिखी है. लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी विद्याधर पटेल पिछले करीब 18 वर्षों से गेंदा फूलों की व्यावसायिक खेती कर रहे हैं. शुरुआत में छोटे स्तर पर किए गए इस प्रयोग को उन्होंने धीरे-धीरे बड़े कारोबार का रूप दे दिया. आज वे 7 से 8 एकड़ जमीन पर गेंदा फूल का उत्पादन कर रहे हैं. उनके खेतों में तैयार फूल छत्तीसगढ़ के कई जिलों के अलावा पड़ोसी राज्य ओडिशा तक पहुंच रहे हैं. खास बात यह है कि इस खेती से उन्हें अच्छी आमदनी के साथ गांव के स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिल रहा है.

कृषि प्रदर्शनियों में फूलों की मांग देखकर आया आइडिया
विद्याधर पटेल बताते हैं कि उन्होंने वर्ष 1994-95 से सब्जी-भाजी की खेती शुरू की थी. इस दौरान वे रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में गमलों के माध्यम से सब्जियों की खेती का प्रदर्शन भी करते थे. इसी दौरान उन्होंने गेंदा फूल की अच्छी मांग और उसकी बिक्री को करीब से देखा. यहीं से उनके मन में फूलों की व्यावसायिक खेती करने का विचार आया. इसके बाद वर्ष 2007-08 में उन्होंने गेंदा फूल का उत्पादन शुरू किया. अनुभव बढ़ने के साथ उन्होंने खेती का रकबा भी बढ़ाया और आज बड़े स्तर पर फूलों का उत्पादन कर रहे हैं.

पॉलीबैग तकनीक से दूर की खेती की सबसे बड़ी परेशानी
गेंदा फूल की खेती के शुरुआती दिनों में विद्याधर को पौधे तैयार करने में कई मुश्किलों का सामना करना पड़ता था. पहले वे खुले खेतों में पौधे तैयार करते थे, लेकिन कई बार बीजों का अंकुरण सही नहीं होने से दोबारा बुवाई करनी पड़ती थी. इससे पौधे तैयार होने में देरी होती और दशहरा-दीपावली जैसे बड़े त्योहारों के सीजन में फूल बाजार तक नहीं पहुंच पाते थे. इस समस्या से निपटने के लिए उन्होंने पॉलीबैग तकनीक अपनाई. अब वे पॉलीबैग में पौधे तैयार करते हैं, जिससे पौधों की उपलब्धता और फूलों की बिक्री के बीच बेहतर तालमेल बना रहता है. दीपावली के दौरान बिक्री नहीं होने पर भी बाद में फूलों को बाजार तक पहुंचाया जा सकता है. इस बदलाव से नुकसान की आशंका भी कम हुई है.

एक एकड़ में 5 लाख रुपये तक की बिक्री
विद्याधर पटेल के मुताबिक गेंदा फूल की खेती से एक एकड़ में लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री हो जाती है, जबकि इसकी लागत करीब 1 से 1.5 लाख रुपये प्रति एकड़ आती है. दशहरा से दीपावली तक फूलों की मांग सबसे अधिक रहती है, इसलिए वे इसी अवधि को ध्यान में रखकर उत्पादन और बाजार की तैयारी करते हैं. सिंचाई के लिए उनके पास दो निजी बोरवेल हैं. इसके अलावा खेतों में पाइपलाइन बिछाई गई है और जरूरत के अनुसार ड्रिप तथा स्प्रिंकलर सिंचाई की सुविधा भी उपलब्ध है. आधुनिक तकनीकों और बाजार की मांग के अनुसार खेती करने से उन्हें बेहतर परिणाम मिल रहे हैं.

छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक पहुंच रहे खेतों में तैयार फूल
विद्याधर पटेल की मेहनत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके खेतों में तैयार गेंदा फूल की मांग अब दूसरे राज्यों तक पहुंच चुकी है. छत्तीसगढ़ के सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर के बाजारों में फूलों की आपूर्ति की जाती है. वहीं ओडिशा के सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ सहित कई क्षेत्रों में भी फूल भेजे जाते हैं. सीजन के दौरान प्रतिदिन करीब 12 से 15 गाड़ियों के माध्यम से फूलों का वितरण किया जाता है. फूलों की बिक्री नगद होती है और श्रमिकों तथा वाहन चालकों का भुगतान भी नियमित रूप से किया जाता है.

गांव के 20 लोगों को मिला रोजगार
विद्याधर पटेल की इस सफलता में उनके परिवार का भी बड़ा योगदान है. उनकी पत्नी और तीनों बेटियां खेती के काम में हाथ बंटाती हैं. इसके साथ ही गांव के 15 से 20 श्रमिकों को नियमित रोजगार मिला हुआ है. फूलों की ढुलाई के लिए उनके अपने वाहनों के अलावा रोजाना 8 से 10 किराये के वाहन भी लेने पड़ते हैं. गेंदा फूल के साथ वे करीब 4 से 5 एकड़ में भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी जैसी मौसमी सब्जियां भी उगाते हैं. फूलों का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों के उत्पादन और बिक्री पर ध्यान देते हैं. इसके अलावा अपनी बाड़ी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी तैयार करते हैं. विद्याधर पटेल की यह कहानी बताती है कि खेती में नवाचार, बाजार की समझ और परिवार के सहयोग से किसान अपनी आमदनी बढ़ाने के साथ दूसरे लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा कर सकते हैं.


One Response