CG News: भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर, संगठनात्मक बैठक से लेकर युवा संवाद तक कई कार्यक्रम
CG News: भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. हेमांग जोशी दो दिवसीय छत्तीसगढ़ प्रवास पर पहुंच रहे हैं. उनके इस दौरे को लेकर प्रदेश भाजपा और भाजयुमो संगठन की ओर से तैयारियां की गई हैं. प्रवास के दौरान संगठनात्मक गतिविधियों के साथ युवाओं, खिलाड़ियों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं से मुलाकात के कार्यक्रम भी तय किए गए हैं.

रात 9 बजे रायपुर पहुंचेंगे
डॉ. हेमांग जोशी आज रात करीब 9 बजे रायपुर पहुंचेंगे. एयरपोर्ट पर उनके स्वागत की विशेष तैयारियां की गई हैं. यहां से उनके स्वागत में बाइक रैली निकाली जाएगी. इसके बाद अगले दिन वे भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में आयोजित भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में शामिल होंगे, भाजयुमो की प्रदेश कार्यसमिति बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव और प्रदेश के दोनों उपमुख्यमंत्री भी मौजूद रहेंगे. बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और भविष्य की रणनीति को लेकर चर्चा होगी. इसमें प्रदेश के अलग-अलग जिलों से भाजयुमो पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी हिस्सा लेंगे.

खिलाड़ियों और युवतियों से करेंगे संवाद
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे में युवाओं से जुड़ी गतिविधियों को भी प्राथमिकता दी गई है. डॉ. हेमांग जोशी साइंस कॉलेज में खिलाड़ियों के साथ संवाद करेंगे. इसके अलावा अग्रसेन भवन में आयोजित युवती संवाद कार्यक्रम में शामिल होकर युवतियों से चर्चा करेंगे. इस दौरान युवाओं से जुड़े मुद्दों और उनकी भागीदारी पर विचार-विमर्श किया जाएगा, दौरे के दौरान डॉ. जोशी रावतपुरा सरकार विश्वविद्यालय में आयोजित युवा जोहार कार्यक्रम में भी शामिल होंगे. यहां वे युवाओं से मुलाकात कर उनके विचारों और अनुभवों को जानेंगे. इस कार्यक्रम के जरिए प्रदेश के युवाओं के साथ संगठन का सीधा संवाद स्थापित करने की कोशिश की जाएगी.
नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं से भी होगी चर्चा
छत्तीसगढ़ प्रवास के दौरान डॉ. हेमांग जोशी नक्सल प्रभावित इलाकों के युवाओं से भी मुलाकात करेंगे. इस संवाद में बस्तर को नक्सल मुक्त बनाने के प्रयासों में युवाओं की भूमिका पर चर्चा होगी. इसके साथ ही क्षेत्र में शांति, विकास और युवाओं के बेहतर भविष्य से जुड़े विषयों पर भी विचार साझा किए जाएंगे, डॉ. हेमांग जोशी के दो दिवसीय दौरे में संगठनात्मक बैठक से लेकर खिलाड़ियों, युवतियों और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं के साथ संवाद तक कई कार्यक्रम शामिल हैं. इस प्रवास के जरिए भाजयुमो संगठन को मजबूत करने और प्रदेश के युवाओं को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर रहेगा.

One Response