CG News: बेमौसम बारिश से धान खरीदी का टोकन हुआ निरस्त तो मिलेगा दोबारा मौका, किसानों के लिए सरकार का बड़ा फैसला
CG News: छत्तीसगढ़ में बेमौसम बारिश के कारण धान खरीदी केंद्रों तक अपनी उपज नहीं पहुंचा पाने वाले किसानों के लिए राहत की खबर है. निर्धारित तारीख पर धान नहीं बेच पाने वाले किसानों को दोबारा टोकन जारी करने का अवसर दिया जाएगा. जिन किसानों का टोकन बारिश या अन्य कारणों से निरस्त हो गया है, वे फिर से धान बेचने के लिए टोकन प्राप्त कर सकेंगे.

धान नहीं ला पाए किसानों को मिलेगा दूसरा मौका
मार्कफेड के एमडी जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि जो किसान टोकन में निर्धारित तारीख पर धान लेकर उपार्जन केंद्र नहीं पहुंच पाए, उन्हें दोबारा टोकन जारी किया जाएगा. फसल कटाई में देरी, बारिश के कारण टोकन निरस्त होने या तकनीकी समस्या आने पर किसान संबंधित धान खरीदी केंद्र, सहकारी समिति अथवा जिला खाद्य कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं, किसानों को दोबारा टोकन प्राप्त करने के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी. वे ‘तुहर टोकन’ मोबाइल ऐप या संबंधित सहकारी समिति के माध्यम से दोबारा टोकन हासिल कर सकते हैं. इसके जरिए किसान अपनी उपज बेचने के लिए नई तारीख प्राप्त कर सकेंगे.
![]()
दूसरी बार टोकन निरस्त हुआ तो घट जाएगा मौका
हालांकि, किसानों को टोकन निरस्त कराने के मामले में सावधानी बरतनी होगी. पहली बार टोकन निरस्त होने पर दोबारा टोकन लेकर धान बेचने का अवसर मिलेगा, लेकिन दूसरी बार भी टोकन निरस्त होने पर किसान की निर्धारित अधिकतम टोकन सीमा में से एक मौका कम कर दिया जाएगा. ऐसे में बार-बार टोकन निरस्त होने से किसानों के पास धान बेचने के अवसर सीमित हो सकते हैं, धान खरीदी के नियमों के अनुसार, लघु और सीमांत किसानों को अधिकतम दो टोकन लेने की अनुमति है. वहीं बड़े किसानों के लिए अधिकतम तीन टोकन की सीमा निर्धारित की गई है. ऐसे में दूसरी बार टोकन निरस्त होने पर इन निर्धारित अवसरों में से एक मौका कम हो जाएगा. इसलिए किसानों को टोकन की तारीख और निर्धारित मात्रा का विशेष ध्यान रखना होगा.
![]()
टोकन में तय तारीख पर ही पहुंचाना होगा धान
धान बेचने के लिए किसानों को टोकन में दर्ज तारीख पर ही उपार्जन केंद्र पहुंचना अनिवार्य होगा. यदि किसान निर्धारित समय पर धान नहीं लाते हैं या टोकन में दर्ज मात्रा से कम उपज लेकर पहुंचते हैं, तो शेष धान की खरीदी और दोबारा टोकन जारी करने के मामले में निर्धारित नियम लागू होंगे. ऐसे में किसानों को सलाह दी गई है कि वे टोकन मिलने के बाद समय पर अपनी उपज खरीदी केंद्र तक पहुंचाएं, ताकि धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो.

One Response