CG News: छत्तीसगढ़ में धान खरीदी से किसानों को मिला आर्थिक संबल, 13,839 रुपये प्रति एकड़ बोनस का लाभ
CG News: छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी अभियान जारी है. प्रदेशव्यापी अभियान के तहत 15 नवंबर से गरियाबंद जिले में भी धान उपार्जन शुरू हो चुका है. किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खरीदी केंद्रों पर जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं. इसी कड़ी में ग्राम पंडरीतराई के किसान दिलीप कुमार देवदास अपनी 7 एकड़ कृषि भूमि में उत्पादित धान बेचने की तैयारी कर रहे हैं. वे ग्रामीण सेवा सहकारी समिति लोहरसिंग उपार्जन केंद्र में करीब 105 क्विंटल धान का विक्रय करेंगे.

3100 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा समर्थन मूल्य
किसान दिलीप कुमार देवदास के मुताबिक, शासन द्वारा 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक उपज बेचने की सुविधा किसानों के लिए आर्थिक रूप से मददगार साबित हो रही है. इसके अलावा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपये बोनस देने का निर्णय भी महत्वपूर्ण आर्थिक सहायता प्रदान कर रहा है.
मोबाइल ऐप से घर बैठे टोकन की सुविधा
धान खरीदी की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए शासन ने ‘टोकन तुहर हाथ’ मोबाइल ऐप की सुविधा उपलब्ध कराई है. इसके जरिए किसान घर बैठे ही धान विक्रय के लिए अपना टोकन प्राप्त कर सकते हैं. डिजिटल सुविधा से किसानों को खरीदी केंद्रों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिल रही है. साथ ही पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने में भी मदद मिल रही है.
अवैध धान परिवहन पर प्रशासन की नजर
जिले में धान खरीदी व्यवस्था के साथ अवैध धान परिवहन और भंडारण पर भी प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है. संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. संबंधित अधिकारियों की टीमें लगातार निरीक्षण कर रही हैं, ताकि दूसरे क्षेत्रों से होने वाली धान की अवैध आवक को रोका जा सके और वास्तविक किसानों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके.
पारदर्शी व्यवस्था से किसानों को राहत
गरियाबंद जिले में सुव्यवस्थित उपार्जन केंद्र, डिजिटल टोकन सुविधा और प्रशासन की सतत निगरानी के जरिए धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू बनाया जा रहा है. समर्थन मूल्य पर खरीदी, बोनस और तकनीकी सुविधाओं से किसानों को आर्थिक सहायता मिल रही है. वहीं, अवैध धान की आवक पर निगरानी से खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है.
