CG News: CM साय ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण, जनजातीय वीथिका का भी किया अवलोकन
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर दौरे के दौरान गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया. जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर स्थापित इस प्रतिमा के सामने मुख्यमंत्री ने श्रद्धासुमन अर्पित किए और भगवान बिरसा मुंडा के ऐतिहासिक योगदान को याद किया. उन्होंने देश की आजादी, आदिवासी समाज के अधिकारों और सम्मान की रक्षा के लिए उनके संघर्ष को नमन किया.

अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ किया था ऐतिहासिक संघर्ष
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम और जनजातीय स्वाभिमान के प्रमुख नायकों में से एक थे. उन्होंने बेहद कम उम्र में अंग्रेजी शासन के अत्याचार और शोषण के खिलाफ आदिवासी समाज को एकजुट किया और उलगुलान आंदोलन का नेतृत्व किया. जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समुदाय के अधिकारों की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आज भी लोगों को अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने की प्रेरणा देता है, मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा विद्यार्थियों और युवाओं को उनके साहस, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण की याद दिलाती रहेगी. जनजातीय समाज ने स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर देश के निर्माण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है. इसलिए नई पीढ़ी को जनजातीय महापुरुषों के इतिहास और उनके योगदान से परिचित कराना जरूरी है.

जनजातीय वीथिका में प्रदर्शित हुई गौरवशाली विरासत
प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में तैयार जनजातीय वीथिका का निरीक्षण किया. यहां जनजातीय समाज के महान नायकों, उनके जीवन संघर्ष, वीरता और स्वतंत्रता आंदोलन में दिए गए योगदान से जुड़ी जानकारियां प्रदर्शित की गई हैं. मुख्यमंत्री ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी वीथिकाएं विद्यार्थियों और युवाओं को अपनी संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को समझने का अवसर प्रदान करती हैं.

जनजातीय समाज के विकास को सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार जनजातीय समुदाय की सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के क्षेत्र में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना भी सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य जनजातीय समाज के प्रत्येक परिवार तक विकास का लाभ पहुंचाना और उन्हें समृद्धि के नए अवसर उपलब्ध कराना है.

कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल और सुशांत शुक्ला सहित कई जनप्रतिनिधि शामिल हुए. विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक चक्रवाल, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और अन्य गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे. इसके अलावा संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह, विश्वविद्यालय के प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी कार्यक्रम में शामिल हुए.


One Response