CG News: बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्रीय संगोष्ठी, CM साय ने जनजातीय नायकों के योगदान को किया याद
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बिलासपुर के गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया. जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम का विषय स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान रखा गया था. मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की आजादी के लिए आदिवासी महापुरुषों ने अपना जीवन समर्पित किया. उन्होंने मातृभूमि की रक्षा के साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और समाज के अधिकारों को बचाने के लिए भी लंबा संघर्ष किया. उनके जीवन से साहस, एकजुटता और राष्ट्र के प्रति समर्पण की सीख मिलती है.

भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का अनावरण किया. इसके साथ ही उन्होंने जनजातीय वीथिका का निरीक्षण कर वहां प्रदर्शित जनजातीय महापुरुषों के जीवन और स्वतंत्रता आंदोलन से जुड़ी जानकारियों को देखा. इस अवसर पर राष्ट्रीय संगोष्ठी की स्मारिका का विमोचन भी किया गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने केवल 25 वर्ष के जीवनकाल में अंग्रेजी शासन के खिलाफ संघर्ष करते हुए आदिवासी समाज को संगठित किया था. उलगुलान आंदोलन के जरिए उन्होंने जल, जंगल और जमीन पर जनजातीय समुदाय के अधिकारों की लड़ाई लड़ी.

छत्तीसगढ़ के जनजातीय नायकों को किया याद
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर भी ऐसे अनेक जनजातीय वीर हुए हैं, जिन्होंने अन्याय और शोषण के खिलाफ संघर्ष किया. शहीद वीर नारायण सिंह ने अकाल के दौरान भूख से परेशान लोगों की सहायता के लिए आवाज उठाई और अंग्रेजी शासन का विरोध किया. इसके अलावा कई अन्य जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों ने भी देश और समाज के अधिकारों के लिए अपना जीवन समर्पित किया. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन महान व्यक्तित्वों की कहानियां नई पीढ़ी तक पहुंचनी चाहिए, ताकि युवा अपनी ऐतिहासिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान को समझ सकें.

जनजातीय गौरव सप्ताह में प्रदेशभर में हो रहे आयोजन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के प्रयास किए गए हैं. भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाना इसी पहल का हिस्सा है. उनकी 151वीं जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ में जनजातीय गौरव सप्ताह के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. स्कूलों, कॉलेजों और विकासखंड स्तर पर होने वाले आयोजनों के जरिए विद्यार्थियों और युवाओं को जनजातीय महापुरुषों के संघर्ष और योगदान की जानकारी दी जा रही है.

जनजातीय परिवारों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने पर जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, परंपराएं और सामाजिक मूल्य राज्य की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं. सरकार इन विरासतों के संरक्षण के साथ जनजातीय परिवारों के जीवन स्तर में सुधार के लिए भी काम कर रही है. उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के करीब साढ़े छह हजार गांव शामिल किए गए हैं. इसके माध्यम से जनजातीय क्षेत्रों में सड़क, बिजली, रसोई गैस और सौर ऊर्जा जैसी जरूरी सुविधाएं पहुंचाने पर काम किया जा रहा है. इसके अलावा मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय भी बढ़ाया गया है. सरकार का उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आजीविका के अवसरों के जरिए जनजातीय समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है.

राष्ट्रपति मुर्मु और जनजातीय समाज के योगदान का उल्लेख
मुख्यमंत्री ने कहा कि देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु का पहुंचना जनजातीय समाज के लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि आदिवासी समुदाय ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है. युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदार बनाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं. इस दौरान मुख्यमंत्री ने अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के कार्यों की भी सराहना की. उन्होंने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के जनजातीय समाज के लिए किए गए कार्यों को याद किया और पहाड़ी कोरवा तथा बिरहोर समुदाय के बीच योगेश्वर यादव की सेवा भावना का उल्लेख किया.

विश्वविद्यालय की सामाजिक गतिविधियों की भी हुई सराहना
मुख्यमंत्री ने गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़ी पहलों की तारीफ की. उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय में मात्र 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था से करीब ढाई हजार लोगों को लाभ मिल रहा है. इसके अलावा स्थानीय उत्पादों की बिक्री और उद्यमिता को बढ़ावा देने के प्रयास भी किए जा रहे हैं. कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने की. उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा और शहीद वीर नारायण सिंह के संघर्ष को याद करते हुए जनजातीय गौरव दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला.

वीर नारायण सिंह और गुंडाधुर के योगदान को किया याद
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन नई पीढ़ी को इतिहास से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है. उन्होंने वीर नारायण सिंह, गुंडाधुर और गेंद सिंह जैसे जनजातीय नायकों के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान का उल्लेख किया. वहीं अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय महामंत्री योगेश बापट ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और जनजातीय समाज के अधिकारों की रक्षा में उनकी भूमिका पर विचार रखे. कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, महापौर पूजा विधानी, विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर आलोक कुमार चक्रवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों के विद्वान, शोधार्थी, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे.


One Response