CG News: किसानों को प्रति एकड़ मिलेंगे 13,839 रुपए, 15 नवंबर से 3100 रुपए में धान खरीदी शुरू
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले को 465 करोड़ 40 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी है. ग्राम कंतेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कुल 77 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया. इनमें 68 करोड़ रुपए से अधिक के 24 कार्यों का लोकार्पण और 397 करोड़ रुपए से अधिक के 53 कार्यों का भूमिपूजन शामिल है. मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, मजदूर, महिलाओं और युवाओं का सर्वांगीण विकास सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है.

15 नवंबर से शुरू होगी धान खरीदी
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों के लिए बड़ी जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू होगी. किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी. इस साल किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं. इन्हें मिलाकर प्रदेश में लगभग 3100 केंद्रों के माध्यम से धान खरीदी की व्यवस्था की गई है.
कृषक उन्नति योजना में प्रति एकड़ 13,839 रुपए की सहायता
किसानों के लिए एक और महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषक उन्नति योजना के तहत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13 हजार 839 रुपए की दर से आदान सहायता राशि दी जाएगी. खास बात यह है कि इस राशि का लाभ लेने के लिए किसानों को निर्धारित पूरी मात्रा में धान बेचना अनिवार्य नहीं होगा. यदि कोई किसान निर्धारित मात्रा से कम धान बेचता है, तब भी सत्यापित रकबे और पात्रता के आधार पर उसे सहायता राशि मिलेगी.

सड़क, पेयजल और सिंचाई के लिए करोड़ों के काम
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुंगेली जिले में सड़क विकास के 25 कार्यों के लिए लगभग 143 करोड़ रुपए का भूमिपूजन किया गया है. वहीं अमृत मिशन 2.0 के तहत 203 करोड़ रुपए से अधिक की जल प्रदाय योजना का भूमिपूजन हुआ है. इसके अलावा जल संसाधन विभाग के 40 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 11 कार्यों का लोकार्पण किया गया. इन परियोजनाओं से आवागमन, पेयजल आपूर्ति और सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.
कंतेली में कॉलेज और पंचायत भवन बनाने की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्राम कंतेली में महाविद्यालय भवन और पंचायत भवन के निर्माण की घोषणा की. इसके अलावा ग्राम देवरी में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्मृति वाटिका बनाने और ग्राम कोदवा से खुर्शी तक सड़क मरम्मत एवं निर्माण कार्य कराने की भी घोषणा की गई. मुख्यमंत्री ने कहा कि इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा.
महतारी वंदन और अन्य योजनाओं का भी किया उल्लेख
मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना का जिक्र करते हुए बताया कि प्रदेश की लगभग 68 लाख महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता दी जा रही है. योजना के तहत अब तक 33 किस्तों में 21 हजार 340 करोड़ रुपए महिलाओं के खातों में भेजे जा चुके हैं. इसके साथ ही उन्होंने श्रीरामलला दर्शन योजना, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, सेवा सेतु पोर्टल और प्रधानमंत्री सूर्यघर बिजली योजना की जानकारी भी दी. कार्यक्रम में केंद्रीय राज्यमंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रदेश के प्रत्येक जिले और गांव की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.

