CG News: छठ महापर्व की तैयारियों का मंत्री राजेश अग्रवाल ने लिया जायजा, अधिकारियों को दिए जरूरी निर्देश
CG News: छत्तीसगढ़ में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं. श्रद्धालुओं और व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही हैं. इसी कड़ी में प्रदेश के पर्यटन, संस्कृति एवं धार्मिक न्यास मंत्री राजेश अग्रवाल ने अंबिकापुर शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली.

शंकर घाट पर साफ-सफाई और रोशनी के निर्देश
निरीक्षण के दौरान मंत्री राजेश अग्रवाल ने शंकर घाट परिसर में साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के आवागमन की सुविधाओं को देखा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में व्रती और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचेंगे, इसलिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं. घाट परिसर में पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित आवागमन के साथ स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया.

महामाया घाट और शिवधारी कॉलोनी का भी लिया जायजा
इसके बाद मंत्री ने महामाया घाट पहुंचकर पूजा की तैयारियों और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया. उन्होंने कहा कि छठ महापर्व लोक आस्था से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है, इसलिए श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना जरूरी है. इसके साथ ही गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट का भी निरीक्षण किया गया. यहां साफ-सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए.
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा रहेगी प्राथमिकता
मंत्री राजेश अग्रवाल ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी छठ घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए. उन्होंने कहा कि व्रती कठिन नियमों और अनुशासन के साथ भगवान सूर्य तथा छठी मैया की आराधना करते हैं. ऐसे में पूजा के दौरान उनकी सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए. सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए तैयारियों को समय पर पूरा करें.
मंत्री ने प्रदेशवासियों को दी छठ महापर्व की शुभकामनाएं
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना का प्रतीक है. यह पर्व हमारी सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करता है. उन्होंने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
