Jashpur News: करम पूजा महोत्सव में मांदर की थाप पर थिरके CM साय, लोकतंत्र बचाओ कार्यक्रम में कांग्रेस पर साधा निशाना
Jashpur News: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में आयोजित उरांव समाज के आंचलिक करम पूजा महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए. कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के फरसाबहार विकासखंड के बनगांव में आयोजित इस महोत्सव में मुख्यमंत्री पारंपरिक आदिवासी संस्कृति के रंग में रंगे नजर आए. मांदर की थाप पर मुख्यमंत्री साय ने नृत्य किया, वहीं उनकी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं. मुख्यमंत्री ने पत्नी के साथ विधि-विधान से पारंपरिक करम पूजा की.

56 करोड़ 66 लाख रुपये के कार्यों का भूमिपूजन
करम पूजा महोत्सव के अवसर पर क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात भी मिली. मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पमशाला एनीकट योजना, कोकिया व्यपवर्तन योजना, भेलवा एनीकट योजना और बारो एनीकट योजना समेत 56 करोड़ 66 लाख रुपये से अधिक की लागत वाले निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया. इन परियोजनाओं को क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है, महोत्सव में उरांव समाज की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली. कार्यक्रम में पहुंचे दर्जनों पारंपरिक नर्तक दलों ने मांदर और अन्य वाद्ययंत्रों की धुन पर नृत्य करते हुए अतिथियों का स्वागत किया. इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी कलाकारों के साथ मांदर की थाप पर थिरकते नजर आए. उनका यह पारंपरिक अंदाज कार्यक्रम में आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा.

भाजपा के लोकतंत्र बचाओ कार्यक्रम में भी पहुंचे CM साय
करम पूजा महोत्सव के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जशपुर में भाजपा की ओर से आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कार्यक्रम में भी शामिल हुए. इस कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए देश में लगाए गए आपातकाल का मुद्दा उठाया. मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के परिवार ने देश में आपातकाल लागू कर लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया था.

आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर लगाए आरोप
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि आपातकाल के दौर में आम नागरिकों को अत्याचारों का सामना करना पड़ा था और इसका असर कई परिवारों की जिंदगी पर पड़ा. उन्होंने विपक्ष की राजनीति पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि विदेशी ताकतों के समर्थन से देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश की जा रही है. साय ने कहा कि विपक्ष संविधान की रक्षा की बात करता है, लेकिन उसके दावों और राजनीतिक आचरण में अंतर दिखाई देता है.
पदयात्रा में दूरस्थ क्षेत्रों से पहुंचे हजारों लोग
भाजपा के इस आयोजन में शामिल होने के लिए जशपुर जिले के दूरस्थ इलाकों से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे. कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया. सभा में मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाते हुए लोकतंत्र और संविधान के मुद्दे पर विपक्ष को घेरा. इस तरह जशपुर में एक ओर आदिवासी संस्कृति और करम पूजा महोत्सव की रौनक दिखाई दी, वहीं दूसरी ओर राजनीतिक कार्यक्रम के जरिए भाजपा ने विपक्ष पर हमला बोला.

