CG News: महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी, 67.40 लाख महिलाओं के खाते में पहुंचे 632 करोड़ रुपये, ऐसे चेक करें पेमेंट स्टेटस
CG News: छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के समापन समारोह के दौरान महतारी वंदन योजना की 33वीं किस्त जारी कर दी गई. राजधानी रायपुर में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश की 67 लाख 40 हजार 410 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर के जरिए राशि भेजी. इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहे.
![]()
632 करोड़ रुपये ट्रांसफर
केंद्रीय गृह मंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से कुल 632 करोड़ 63 लाख 67 हजार 750 रुपये लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर किए. अगर आप भी इस योजना की हितग्राही हैं और जानना चाहती हैं कि आपके खाते में किस्त पहुंची है या नहीं, तो घर बैठे ऑनलाइन भुगतान की स्थिति चेक कर सकती हैं.
![]()
ऐसे चेक करें पेमेंट स्टेटस
• सबसे पहले महतारी वंदन योजना की आधिकारिक वेबसाइट https://mahtarivandan.cgstate.gov.in/ पर जाएं.
• होम पेज पर लाभार्थी आवेदन एवं भुगतान की स्थिति के विकल्प पर क्लिक करें.
• अब अपनी लाभार्थी आईडी, मोबाइल नंबर या आधार नंबर में से किसी एक की जानकारी दर्ज करें.
• इसके बाद कैप्चा कोड भरकर सबमिट कर दें.
• आपकी स्क्रीन पर आवेदन और भुगतान से जुड़ी जानकारी दिखाई देगी.

मार्च 2024 में शुरू हुई योजना
महतारी वंदन योजना की शुरुआत मार्च 2024 में छत्तीसगढ़ सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से की थी. योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है. यह राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है.
अमित शाह ने गिनाईं उपलब्धियां
योजना की किस्त जारी करने के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि मोदी की गारंटी के 70 प्रतिशत से ज्यादा वादे पूरे किए जा चुके हैं. उन्होंने महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार महिलाओं के खातों में आर्थिक सहायता पहुंचा रही है.
पर्यटन को लेकर जताई उम्मीद
अमित शाह ने कहा कि छत्तीसगढ़ नक्सलवाद से मुक्त हो गया है. उन्होंने पर्यटन के क्षेत्र में राज्य की संभावनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ देश में पहले से तीसरे स्थान तक पहुंचने की क्षमता रखता है. उन्होंने कहा कि राज्य में दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित करने की ताकत है. शाह ने यह भी कहा कि आने वाले 10 वर्षों में छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा के साथ यहां के लोग भी समृद्ध होंगे.

One Response