CG News: नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए आज से आवेदन शुरू, 8 नवंबर तक भर सकेंगे फॉर्म, जानें फीस और जरूरी जानकारी
CG News: छत्तीसगढ़ के सरकारी और निजी नर्सिंग कॉलेजों में प्रवेश लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए जरूरी खबर है. राज्य में नर्सिंग पाठ्यक्रमों में एडमिशन के लिए आज 2 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो रही है. अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे से 8 नवंबर शाम 5 बजे तक आवेदन कर सकेंगे. आवेदन के साथ ही उन्हें अपनी पसंद के कॉलेजों का चयन भी करना होगा.

इन चार पाठ्यक्रमों में मिलेगा प्रवेश
चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की राज्य काउंसिलिंग समिति के अनुसार, बीएससी नर्सिंग, एमएससी नर्सिंग, पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग और पोस्ट बेसिक डिप्लोमा इन साइकियाट्रिक नर्सिंग पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी. पात्र अभ्यर्थियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होगा.
आवेदन के साथ ही भरनी होगी कॉलेज चॉइस
काउंसिलिंग प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को आवेदन के साथ ही अपनी पसंद के कॉलेजों का विकल्प भरना अनिवार्य होगा. इसके लिए अलग से समय नहीं दिया जाएगा. इसलिए अभ्यर्थियों को आवेदन करते समय ही कॉलेजों का चयन सावधानीपूर्वक करना होगा.
![]()
कैटेगरी के अनुसार निर्धारित हुई फीस
आवेदन शुल्क अलग-अलग श्रेणियों के लिए निर्धारित किया गया है. अनारक्षित और अन्य पिछड़ा वर्ग के अभ्यर्थियों को आवेदन के लिए 1,000 रुपये जमा करने होंगे. वहीं अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 500 रुपये रखा गया है. यदि आवेदन में किसी तरह का संशोधन करना है तो इसके लिए 500 रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा.
काउंसिलिंग और सीट आवंटन की जानकारी वेबसाइट पर
आवेदन प्रक्रिया के बाद काउंसिलिंग, सीट आवंटन और प्रवेश से संबंधित आगे की जानकारी चिकित्सा शिक्षा संचालनालय की ओर से जारी की जाएगी. अभ्यर्थियों को सभी जरूरी अपडेट के लिए संचालनालय की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in नियमित रूप से चेक करने की सलाह दी गई है.


One Response