CG News: छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर एयर शो में वायुसेना का शौर्य प्रदर्शन, सारंग टीम के हेलिकॉप्टरों ने आसमान में बनाए दिल और डायमंड
CG News: छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस समारोह के दौरान रविवार को राजधानी रायपुर का आसमान देशभक्ति और रोमांच से भर गया. भारतीय वायुसेना की तीन टीमों ने एयर शो में एक से बढ़कर एक करतब दिखाए. इन रोमांचक प्रदर्शनों को देखने के लिए हजारों की संख्या में दर्शक मौजूद रहे. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी शामिल हुए और वायुसेना के जवानों के प्रदर्शन का आनंद लिया.

आकाशगंगा टीम के जवानों ने 8 हजार फीट से लगाई छलांग
एयर शो की शुरुआत भारतीय वायुसेना की आकाशगंगा टीम ने की. टीम के आठ जवानों ने करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई पर उड़ रहे C-295 ट्रांसपोर्ट विमान से छलांग लगाई. आसमान से नीचे आते समय जवानों ने तिरंगे के रंग का पैराशूट खोला. उनका यह प्रदर्शन देखकर मैदान में मौजूद दर्शक तालियां बजाने लगे, तिरंगे की छटा बिखेरते पैराशूट के साथ जवान जब जमीन पर उतरे तो पूरा मैदान तालियों और भारत माता की जय के नारों से गूंज उठा. जवानों की सटीक लैंडिंग ने दर्शकों को खासा प्रभावित किया. इसके बाद गरुड़ कमांडो ने अपने साहसिक प्रदर्शन से लोगों का ध्यान खींचा.

MI-17 हेलिकॉप्टर से उतरे गरुड़ कमांडो
गरुड़ कमांडो ने MI-17 हेलिकॉप्टर से रस्सियों के सहारे तेजी से नीचे उतरने का प्रदर्शन किया. इस दौरान जवानों ने अपनी ट्रेनिंग, साहस और टीमवर्क का परिचय दिया. हेलिकॉप्टर से तेजी से उतरते कमांडो को देखकर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं, एयर शो का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायुसेना की सारंग हेलिकॉप्टर डिस्प्ले टीम रही. टीम ने पहली बार छत्तीसगढ़ में अपना प्रदर्शन किया. पांच स्वदेशी ध्रुव हेलिकॉप्टरों ने एक साथ उड़ान भरकर आसमान में डायमंड, दिल और डॉल्फिन जैसी आकर्षक आकृतियां बनाईं. बेहद कम दूरी पर उड़ते हुए हेलिकॉप्टरों ने दिशा बदलने और आपसी तालमेल का शानदार प्रदर्शन किया.

रंगीन धुएं से आसमान में दिखाई दी तिरंगे की छटा
सारंग टीम के हेलिकॉप्टरों से निकलने वाले रंग-बिरंगे धुएं ने पूरे आसमान को आकर्षक बना दिया. हेलिकॉप्टरों की एक साथ उड़ान, अलग-अलग आकृतियां और हवा में शानदार तालमेल देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे. इस प्रदर्शन ने स्थापना दिवस के एयर शो को यादगार बना दिया, सारंग का अर्थ मोर होता है. इस टीम के हेलिकॉप्टरों की रंगीन डिजाइन भी मोर से प्रेरित है, जिन पर बने अलग-अलग पैटर्न मोर के पंखों की तरह दिखाई देते हैं. सारंग टीम स्वदेशी एडवांस्ड लाइट हेलिकॉप्टर यानी ALH ध्रुव का इस्तेमाल करती है. इन हेलिकॉप्टरों का निर्माण भारत में किया गया है. सारंग टीम अपने सटीक तालमेल, शानदार हवाई करतब और आकर्षक फॉर्मेशन के लिए जानी जाती है.

One Response