CG Police Recruitment 2026: बस्तर फाइटर्स में 375 फाइटर आरक्षक पदों पर निकली भर्ती, 2 नवंबर से आवेदन शुरू
CG Police Recruitment 2026: छत्तीसगढ़ में पुलिस विभाग में भर्ती का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए अवसर आया है. सुकमा पुलिस ने बस्तर फाइटर्स में फाइटर आरक्षक के 375 रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए विज्ञापन जारी किया है. इस भर्ती में केवल सुकमा जिले के स्थानीय निवासी अभ्यर्थी ही आवेदन कर सकेंगे. आवेदन की प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 से शुरू होगी और 12 दिसंबर 2026 तक चलेगी.

बस्तर फाइटर्स में 375 पदों पर होगी नियुक्ति
पुलिस अधीक्षक कार्यालय सुकमा की ओर से जारी विज्ञापन के मुताबिक, भर्ती छत्तीसगढ़ पुलिस विशेष कार्यपालिक बल यानी बस्तर फाइटर्स के तहत की जाएगी. कुल 375 पदों पर नियुक्तियां की जानी हैं. इनमें अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए सबसे अधिक 315 पद निर्धारित किए गए हैं, भर्ती में आरक्षण के अनुसार पदों का वर्गवार बंटवारा किया गया है. अनुसूचित जनजाति (ST) के 315, अनारक्षित वर्ग के 26, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के 26 और अनुसूचित जाति (SC) के लिए 8 पद रखे गए हैं.
2 नवंबर से शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 2 नवंबर 2026 से निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर सकेंगे. आवेदन जमा करने की अंतिम तारीख 12 दिसंबर 2026 तय की गई है. अभ्यर्थियों को अंतिम दिन शाम 5 बजे तक आवेदन जमा करना होगा. निर्धारित समय के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे.

इन स्थानों पर जमा कर सकते हैं आवेदन
उम्मीदवार अपना आवेदन कार्यालय पुलिस अधीक्षक, जिला सुकमा में जमा कर सकते हैं. इसके अलावा सुकमा, दोरनापाल, कोण्टा, जगरगुण्डा और मरईगुड़ा स्थित अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कार्यालयों में भी आवेदन जमा करने की सुविधा रहेगी, अभ्यर्थी पंजीकृत भारतीय डाक के माध्यम से भी आवेदन भेज सकते हैं.
शारीरिक परीक्षा और भर्ती नियमों की जानकारी यहां मिलेगी
भर्ती के लिए आवेदन का प्रारूप, शारीरिक मापदंड, शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और अन्य जरूरी दिशा-निर्देश जिले के थानों, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालयों और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध कराए गए हैं. उम्मीदवार भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस और जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट भी देख सकते हैं.


One Response