CG News: शिवराज सिंह चौहान की मां काशी बाई का निधन, CM साय ने जताया शोक
CG News: केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की माता काशी बाई का शुक्रवार सुबह भोपाल स्थित एम्स में निधन हो गया. वे पिछले कुछ समय से अस्वस्थ थीं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक का माहौल है.
![]()
मुख्यमंत्री साय ने जताई संवेदना
काशी बाई के निधन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया. उन्होंने शिवराज सिंह चौहान और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद जीवन का सबसे बड़ा संबल होता है. उनका दुनिया से चले जाना परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है.

बाबा महाकाल से की दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना
मुख्यमंत्री साय ने बाबा महाकाल से प्रार्थना की कि वे दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करें. उन्होंने कहा कि इस पीड़ा की घड़ी में उनकी संवेदनाएं शिवराज सिंह चौहान और समस्त परिजनों के साथ हैं.
भोपाल के साकेत नगर में अंतिम दर्शन की व्यवस्था
परिवार की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, काशी बाई का पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए भोपाल के साकेत नगर स्थित निवास पर सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक रखा जाना था. इसके बाद पार्थिव शरीर को सीहोर जिले के पैतृक गांव जैत ले जाया जाना था, जहां दोपहर 3 बजे अंतिम संस्कार निर्धारित था.
शिवराज सिंह चौहान का छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित
माता के निधन के चलते केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान का शुक्रवार को प्रस्तावित छत्तीसगढ़ दौरा स्थगित कर दिया गया. उन्हें शाम 7 बजे रायपुर पहुंचना था. उनके दौरे को लेकर तैयारियां की जा रही थीं, लेकिन परिवार में शोक की स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम रद्द कर दिया गया.


One Response