CG News: छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य विभाग के 520 कर्मचारियों को मिला नियुक्ति पत्र, 14 जिलों में देंगे सेवाएं
CG News: छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और नागरिकों तक बेहतर उपचार पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों के 520 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही सशक्त समाज और विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव हैं. सरकार का प्रयास है कि शहरों के साथ-साथ गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी लोगों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हों.

नवनियुक्त स्वास्थ्यकर्मियों से सेवाभाव के साथ काम करने की अपील
मुख्यमंत्री साय ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए पूरी निष्ठा, संवेदनशीलता और सेवाभाव के साथ दायित्व निभाने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीज और उनके परिजन स्वास्थ्यकर्मियों से बड़ी उम्मीद रखते हैं. ऐसे में कर्मचारियों की जिम्मेदारी केवल शासकीय कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि मरीजों के प्रति अच्छा व्यवहार और समर्पण भी महत्वपूर्ण है. रोगियों की सेवा को जनसेवा का कार्य मानकर ईमानदारी से काम करने से स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास मजबूत होगा.

स्वास्थ्य सुविधाओं और मानव संसाधन का किया जा रहा विस्तार
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ से ही विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है. राज्य सरकार नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, अस्पतालों में आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विकास, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और स्वास्थ्य अमले को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रही है. छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के बाद बीते 25 वर्षों में स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है. सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को जरूरत के समय सुलभ और गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल सके.

14 जिलों में तैनात होंगे 520 नवनियुक्त कर्मचारी
स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों में चयनित कर्मचारियों में स्टाफ नर्स के 208, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक पुरुष के 95, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक महिला के 94, फार्मासिस्ट के 25, वार्ड बॉय के 50 और वार्ड आया के 48 पद शामिल हैं. ये कर्मचारी प्रदेश के 14 जिलों में सेवाएं देंगे. मुख्यमंत्री ने कहा कि इनमें अधिकांश जिले जनजातीय बहुल हैं, इसलिए यहां स्वास्थ्यकर्मियों की भूमिका और भी महत्वपूर्ण है. बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार से सकारात्मक बदलाव दिखाई दे रहे हैं. सरकार का लक्ष्य है कि भौगोलिक दूरी किसी भी नागरिक के लिए इलाज में बाधा न बने.

पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं को मिल रहे अवसर
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि सभी 520 कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पूर्ण पारदर्शिता के साथ पूरी की गई है. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के लिए आवश्यक मानव संसाधन बढ़ाने के प्रयास जारी हैं और डॉक्टर, नर्स सहित विभिन्न पदों पर जरूरत के अनुसार आगे भी भर्तियां की जाएंगी. कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, वन मंत्री केदार कश्यप, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, स्वास्थ्य सचिव अमित कटारिया, स्वास्थ्य सेवाओं के आयुक्त सह संचालक संजीव झा सहित वरिष्ठ अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.

