PM आवास योजना: प्रधानमंत्री आवास योजना से जयानंदन दास का पक्का घर बनाने का सपना हुआ पूरा, अब परिवार के साथ सुरक्षित जीवन
PM आवास योजना: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कोटया निवासी जयानंदन दास का वर्षों पुराना पक्के मकान का सपना प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से पूरा हुआ है. कभी मिट्टी के कच्चे मकान में कई परेशानियों के बीच जीवन बिताने वाला उनका परिवार अब पक्की छत के नीचे सुरक्षित और सुकून से रह रहा है. आर्थिक तंगी के कारण पक्का घर बनवाना उनके लिए मुश्किल था, लेकिन योजना के तहत आवास की सुविधा मिलने से उनकी यह इच्छा पूरी हो सकी है.

बरसात में होती थी परेशानी
जयानंदन दास बताते हैं कि कच्चे मकान में रहते समय बरसात का मौसम उनके परिवार के लिए सबसे ज्यादा मुश्किल भरा होता था. छत से पानी टपकता था, दीवारों में सीलन आ जाती थी और मकान के क्षतिग्रस्त होने का डर बना रहता था. घर में चूहों की समस्या भी थी. बारिश के दौरान घरेलू सामान को सुरक्षित रखना और मकान की बार-बार मरम्मत कराना परिवार के लिए बड़ी चुनौती थी. सीमित आर्थिक संसाधनों के कारण वे पक्का मकान नहीं बनवा पा रहे थे, हालांकि बेहतर घर की उम्मीद उन्होंने हमेशा बनाए रखी.
पक्का घर मिलने से मिली राहत
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आवास का लाभ मिलने के बाद जयानंदन दास ने अपने पक्के मकान का निर्माण पूरा कर लिया है. अब उनका परिवार मजबूत छत के नीचे सुरक्षित महसूस करता है. बारिश में पानी टपकने, दीवारों में सीलन और बार-बार मरम्मत कराने जैसी परेशानियों से उन्हें राहत मिली है. उनके लिए यह घर केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि वर्षों से चली आ रही मुश्किलों से राहत और बेहतर जीवन की नई शुरुआत है.
मुख्यमंत्री के प्रति जताया आभार
अपने पक्के घर को लेकर खुशी जाहिर करते हुए जयानंदन दास ने स्थानीय बोली में कहा, “पहिली मिट्टी के घर रहिस सर, बहुत समस्या रहिस. बरखा पानी म परेशानी होवत रहिस, चूहे घर मन घलो दिक्कत रहिस. अब पक्का घर बन गे हे, पानी ले बचत हन, अब मरम्मत के चिंता नइ हे. प्रधानमंत्री आवास योजना ले मोला आवास मिलिस हे, एकर बर विष्णु भईया ला बहुत-बहुत धन्यवाद.”
जयानंदन दास के मुताबिक, पक्का मकान बनने के बाद उनके परिवार की वर्षों पुरानी चिंता दूर हो गई है. अब बारिश के दिनों में पहले जैसी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ता. उन्होंने बताया कि गांव के अन्य पात्र परिवारों को भी योजना का लाभ मिल रहा है और उनके पक्के मकान बन रहे हैं. इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया.
जरूरतमंद परिवारों को मिल रहा आवास
प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पात्र परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराना और उनके रहने की परिस्थितियों में सुधार करना है. योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित आवास का अवसर मिल रहा है, जिससे उन्हें कच्चे मकानों में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके, सरगुजा जिले के जयानंदन दास की कहानी इसी बदलाव को दर्शाती है. जिस परिवार को कभी बरसात में टपकती छत और मिट्टी की दीवारों के बीच रहना पड़ता था, वह आज अपने पक्के घर में सुकून से जीवन बिता रहा है. उनका नया आवास परिवार के लिए सुरक्षा, सम्मान और बेहतर भविष्य की उम्मीद का आधार बन गया है.

