CG News: छत्तीसगढ़ में स्मृति ईरानी का विधायकों को टास्क, दिवाली पर जनता और बूथ कार्यकर्ताओं के साथ करें भोज
CG News: छत्तीसगढ़ में भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव और प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के रायपुर दौरे का आज दूसरा दिन है. दो दिवसीय दौरे पर पहुंचीं स्मृति ईरानी ने सोमवार सुबह से ही पार्टी पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें शुरू कर दीं. रायपुर के कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सबसे पहले भाजपा विधायकों के साथ संगठनात्मक बैठक हुई. सूत्रों के मुताबिक, इस बैठक में स्मृति ईरानी ने सभी विधायकों को दिवाली के दौरान अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनता के साथ भोज आयोजित करने का टास्क दिया है.

जनता और बूथ कार्यकर्ताओं के साथ भोजन करने के निर्देश
सूत्रों के अनुसार, स्मृति ईरानी ने विधायकों से कहा कि वे दिवाली के अवसर पर अपने विधानसभा क्षेत्रों में भोज का आयोजन करें. इसमें बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के साथ आम लोगों को भी आमंत्रित किया जाए. इस पहल का उद्देश्य जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच सीधा संवाद बढ़ाना तथा लोगों से संपर्क मजबूत करना बताया जा रहा है. बैठक में यह भी कहा गया कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर लोगों के साथ बातचीत की जा सकती है.

जनता और कार्यकर्ताओं से दूरी की शिकायतों के बीच नई पहल
बताया जा रहा है कि दौरे के पहले दिन कुछ मंत्रियों को लेकर विधायकों की नाराजगी और जनता से दूरी बनाए रखने जैसी शिकायतें सामने आई थीं. कार्यकर्ताओं की अनदेखी को लेकर भी चर्चा होने की जानकारी मिली है. हालांकि, इन शिकायतों के संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक नहीं हुई है. ऐसे में दिवाली पर जनता और बूथ कार्यकर्ताओं के साथ भोज करने का निर्देश जनप्रतिनिधियों को जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ने और संगठन के साथ संवाद बढ़ाने की पहल के तौर पर देखा जा रहा है.
पहले दिन 9 घंटे चली थी मैराथन बैठक
स्मृति ईरानी के दौरे के पहले दिन भाजपा प्रदेश कार्यालय में करीब 9 घंटे तक मैराथन बैठक हुई थी. इसमें प्रदेश महामंत्री, पार्टी पदाधिकारी, संभाग प्रभारी, जिला प्रभारी, पूर्व सांसद और पूर्व विधायक शामिल हुए थे. बैठक के दौरान वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा हुई. सूत्रों के मुताबिक, स्मृति ईरानी ने नेताओं से पूछा था कि आगामी चुनाव में पार्टी की सरकार बनाने के लिए क्या रणनीति अपनाई जानी चाहिए. उन्होंने सभी को एकजुट होकर काम करने और सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए थे.
‘मन की बात’ में हुईं शामिल
पहले दिन की बैठकों के बाद स्मृति ईरानी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ अभनपुर पहुंचीं. यहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया. दौरे के दूसरे दिन विधायकों को दिए गए भोज के टास्क को पार्टी के जनप्रतिनिधियों और आम जनता के बीच संपर्क मजबूत करने की कवायद के रूप में देखा जा रहा है.

