CG News: बीजेपी प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी के दौरे का दूसरा दिन, मंत्रियों, सांसदों और विधायकों संग होंगी बैठकें
CG News: छत्तीसगढ़ बीजेपी की नई प्रदेश प्रभारी और पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी के दो दिवसीय रायपुर दौरे का आज दूसरा और सबसे अहम दिन है. प्रदेश भाजपा मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में सुबह से ही उच्च स्तरीय बैठकों का दौर शुरू हो चुका है. अपने इस दौरे के दौरान वे राज्य के विधायकों, सांसदों, मंत्रियों और निगम-मंडलों के अध्यक्षों के साथ लगातार संवाद कर संगठन की भावी रणनीति तैयार कर रही हैं.

सुबह विधायकों और सांसदों के साथ संगठनात्मक चर्चा
निर्धारित शेड्यूल के तहत सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक स्मृति ईरानी ने भाजपा विधायकों के साथ बैठक की, जिसमें विधायकों के क्षेत्र में कामकाज, उनकी सक्रियता और जनता से जुड़ाव का सीधा फीडबैक लिया गया. इसके तुरंत बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक सांसदों के साथ अहम बैठक हुई, जिसमें लोकसभा क्षेत्रों में संगठन की स्थिति और केंद्र सरकार की योजनाओं के प्रचार-प्रसार पर विस्तार से चर्चा की गई.
मंत्रियों के साथ सत्ता और संगठन के तालमेल पर मंथन
दोपहर 12:30 बजे से 2 बजे के बीच सबसे महत्वपूर्ण बैठक राज्य मंत्रिमंडल के मंत्रियों के साथ तय की गई है. गौरतलब है कि दौरे के पहले दिन कुछ मंत्रियों के कामकाज को लेकर शिकायतें प्रभारी तक पहुँची थीं. ऐसे में इस बैठक में मंत्रियों के साथ सीधे तौर पर संवाद किया जाएगा और सत्ता व संगठन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के स्पष्ट निर्देश दिए जाएंगे. इसके बाद दोपहर 3 बजे से निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों की समीक्षा बैठक होगी.
पहले दिन कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में 9 घंटे चली बैठक
उल्लेखनीय है कि दौरे के पहले दिन बीजेपी कार्यालय में लगभग 9 घंटे तक बैठकों का लंबा मैराथन दौर चला था. इस दौरान स्मृति ईरानी ने प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग व जिला प्रभारियों के साथ-साथ पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों से सीधा संवाद किया था. उन्होंने 2028 के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गंभीर सवाल पूछे थे और सभी को एकजुट होकर सरकार की योजनाओं को घर-घर पहुँचाने का कड़ा संदेश दिया था.
अभनपुर में ‘मन की बात’ कार्यक्रम में हुई थीं शामिल
पहले दिन की मैराथन बैठकों का दौर समाप्त होने के बाद स्मृति ईरानी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से विशेष चर्चा की थी. इसके पश्चात वे मुख्यमंत्री साय और रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल के साथ अभनपुर पहुँची थीं, जहाँ उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना था. आज की इन बैठकों के बाद प्रदेश भाजपा संगठन में नई कसावट आने की पूरी संभावना जताई जा रही है.


One Response