CG News: विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों में जुटी बीजेपी, नवनियुक्त प्रभारी स्मृति ईरानी 25-26 अक्टूबर को करेंगी मैराथन बैठकें
CG News: छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव 2028 की तैयारियों को लेकर भारतीय जनता पार्टी संगठन ने अपनी गतिविधियों को काफी तेज कर दिया है. इसी रणनीति के तहत पार्टी की नई प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आगामी 25 और 26 अक्टूबर को रायपुर के दौरे पर रहेंगी. इस दो दिवसीय दौरे के दौरान वे राजधानी रायपुर में संगठन के विभिन्न स्तरों की मैराथन बैठकें संपन्न करेंगी.
_20261020_212117_m.webp)
पुराने और अनुभवी नेताओं से होगी वन-टू-वन चर्चा
इस महत्वपूर्ण दौरे के दौरान वर्तमान जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और संगठन में दो कार्यकाल तक विभिन्न पदों पर रहे वरिष्ठ नेताओं को भी विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है. प्रदेश संगठन द्वारा इन सभी नेताओं की एक सूची तैयार कर ली गई है. स्मृति ईरानी इन अनुभवी नेताओं के साथ अलग-अलग वन-टू-वन चर्चा करके उनके क्षेत्रों का राजनीतिक फीडबैक लेंगी.
2013 और 2018 के पूर्व विधायकों पर रहेगा फोकस
पार्टी की रणनीति के अनुसार, बैठकों में विशेष तौर पर वर्ष 2013 और 2018 में विधायक रहे नेताओं तथा 2014 और 2019 में संसद पहुंचे पूर्व सांसदों को बुलाया जा रहा है. इन नेताओं से उनके संबंधित क्षेत्रों की जमीनी राजनीतिक स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और संगठन के कामकाज के बारे में विस्तृत जानकारी ली जाएगी ताकि चुनाव से पहले पार्टी की पकड़ और मजबूत हो सके.

अनुभवी नेताओं को सौंपी जाएगी संगठन में नई जिम्मेदारी
पिछले दो कार्यकाल के दौरान सांगठनिक पदों पर रहे ऐसे नेता जिनके पास वर्तमान में कोई बड़ा पद नहीं है, उन्हें भी इस प्रक्रिया से जोड़ा जा रहा है. बीजेपी की योजना इन अनुभवी चेहरों के राजनीतिक अनुभव का पूरा लाभ आगामी चुनावों में उठाने की है. चर्चा के बाद इन नेताओं को संगठन और चुनावी गतिविधियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं.
मंत्रियों से लेकर जिला प्रभारियों तक के साथ होगी समीक्षा
प्रदेश प्रभारी बनने के बाद स्मृति ईरानी का छत्तीसगढ़ का यह पहला आधिकारिक दौरा है, जिसे बेहद अहम माना जा रहा है. इस दौरे में राज्य सरकार के मंत्रियों, विधायकों, सांसदों, संगठन पदाधिकारियों, निगम-मंडलों के अध्यक्षों के अलावा संभाग और जिलों के प्रभारियों के साथ भी बैठकें होंगी. इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य संगठनात्मक मजबूती और आगामी चुनावों के लिए अचूक रणनीति तैयार करना है.

One Response