CG News: धर्म के आधार पर आरक्षण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को CM साय ने बताया महत्वपूर्ण
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायगढ़ में मीडिया से चर्चा के दौरान धर्म के आधार पर आरक्षण दिए जाने के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को महत्वपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि यह निर्णय दूरगामी प्रभाव डालने वाला है और इससे अवैध धर्मांतरण पर रोक लगाने में मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री रायगढ़ में आयोजित कोलता समाज के नुआखाई भेंटघाट एवं प्रतिभा सम्मान समारोह में शामिल होने पहुंचे थे.

कोलता समाज को नुआखाई की शुभकामनाएं
समारोह में मुख्यमंत्री ने कोलता समाज के लोगों को नुआखाई और शारदीय नवरात्रि की बधाई दी. उन्होंने कार्यक्रम में आमंत्रित करने के लिए समाज के प्रति आभार जताया. मुख्यमंत्री ने कहा कि कोलता समाज शिक्षा, कृषि और व्यापार सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सक्रिय भूमिका निभा रहा है. विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भी समाज का योगदान महत्वपूर्ण है.

सामुदायिक भवनों के लिए 80 लाख रुपए की सौगात
समाज की गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने दो भवनों के निर्माण के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की. नगर पंचायत पुसौर में कोलता समाज के भवन के लिए 50 लाख रुपए और ग्राम कोतरलिया स्थित चंडी डोंगरी में सामुदायिक भवन के लिए 30 लाख रुपए दिए जाएंगे. इन घोषणाओं से समाज को सामाजिक कार्यक्रमों और सामूहिक गतिविधियों के आयोजन के लिए सुविधाएं मिलेंगी.
महिला क्रिकेट को बढ़ावा देने पर भी दिया जोर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ में पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट मैचों के आयोजन पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि प्रदेश के स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच होने वाले मुकाबलों से महिला क्रिकेट को प्रोत्साहन मिलेगा. इससे युवा खिलाड़ियों और प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी, सीएम साय ने प्रदेशवासियों से महिला क्रिकेट मुकाबलों में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की. उन्होंने उम्मीद जताई कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों से छत्तीसगढ़ में महिला क्रिकेट के प्रति रुचि बढ़ेगी और उभरती हुई खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा.
