CG News: विधानसभा सभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के जन्मदिवस के अवसर पर खास आयोजन, जुबिन नौटियाल देंगे संगीतमय प्रस्तुति
CG News: छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष और राजनांदगांव विधायक डॉ. रमन सिंह के आगामी 15 अक्टूबर को पड़ने वाले जन्मदिवस को लेकर तैयारियों का माहौल है, हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी युवा वेलफेयर फाउंडेशन के तत्वावधान में एक विशाल और भव्य संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, शहर के ऐतिहासिक दिग्विजय स्टेडियम में आयोजित होने वाले इस गरिमामय समारोह में हजारों की संख्या में लोग अपने लोकप्रिय नेता को शुभकामनाएं देने जुटेंगे.

बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर जुबिन नौटियाल बांधेंगे समां
इस वर्ष का मुख्य आकर्षण बॉलीवुड के मशहूर प्लेबैक सिंगर जुबिन नौटियाल की संगीतमय प्रस्तुति होगी, युवा वेलफेयर फाउंडेशन के अध्यक्ष भावेश बैद ने बताया कि 15 अक्टूबर की शाम जुबिन नौटियाल अपने मशहूर गानों से राजनांदगांव के दर्शकों को झूमने पर मजबूर करेंगे, आयोजन को भव्य बनाने के लिए दिग्विजय स्टेडियम में 50 हजार से भी अधिक दर्शकों के बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था की जा रही है.

युवा वेलफेयर फाउंडेशन की सांस्कृतिक परंपरा
युवा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा वर्ष 2023 से पूर्व मुख्यमंत्री व वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह का जन्मोत्सव बड़े पैमाने पर मनाने की परंपरा शुरू की गई थी, इससे पहले वर्ष 2023 में प्रसिद्ध हास्य कवि शैलेश लोढ़ा, वर्ष 2024 में मशहूर कवि डॉ. कुमार विश्वास और वर्ष 2025 में प्रख्यात बॉलीवुड गायक कैलाश खेर अपनी प्रस्तुतियां दे चुके हैं, इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए इस बार भी देश के दिग्गज कलाकार को आमंत्रित किया गया है.
राज्यपाल और मुख्यमंत्री समेत दिग्गज नेता होंगे शामिल
इस ऐतिहासिक जन्मोत्सव कार्यक्रम में प्रदेश की कई शीर्ष हस्तियों का जमावड़ा देखने को मिलेगा, कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, कई सांसद और विधायक विशेष रूप से शिरकत करेंगे, दिग्गजों की उपस्थिति को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं.
राजनांदगांव में उत्साह का माहौल
डॉ. रमन सिंह के जन्मदिवस को लेकर न केवल राजनांदगांव बल्कि पूरे प्रदेश के कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में भारी उत्साह देखा जा रहा है, फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने बताया कि संगीतमय संध्या के माध्यम से न सिर्फ पूर्व मुख्यमंत्री का जन्मदिन यादगार बनाया जाएगा, बल्कि शहरवासियों को भी एक शानदार सांस्कृतिक और संगीतमय शाम का आनंद लेने का अवसर मिलेगा.


One Response