CG News: छत्तीसगढ़ के जंगलों को वैश्विक पहचान दिलाने की पहल, CM साय ने किया सिंगापुर के Mandai Wildlife Reserve का दौरा
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भारत सरकार के विदेश मंत्रालय के आमंत्रण पर ‘प्रथम सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम 2026’ में भाग लेने सिंगापुर पहुंचे. इस दौरान उन्होंने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ विश्व प्रसिद्ध ‘Mandai Wildlife Reserve’ का दौरा किया और वहां की आधुनिक इको-टूरिज्म व्यवस्थाओं का अवलोकन किया.

बनेगा अंतरराष्ट्रीय इको-टूरिज्म मॉडल
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सिंगापुर की आधुनिक तकनीक, प्राकृतिक आवास प्रबंधन और पर्यटक सुविधाओं के सफल अनुभवों से सीख ली जाएगी. इसे छत्तीसगढ़ की समृद्ध भौगोलिक व जैव-विविधता संबंधी विशेषताओं के अनुरूप ढालकर प्रदेश में एक नया और टिकाऊ इको-टूरिज्म मॉडल विकसित किया जाएगा.
![]()
वन क्षेत्र को रोजगार से जोड़ने की योजना
छत्तीसगढ़ का लगभग 44 प्रतिशत हिस्सा घने वनों से आच्छादित है. बस्तर से सरगुजा तक फैले समृद्ध राष्ट्रीय उद्यानों और अभयारण्यों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. सरकार का उद्देश्य वनों व वन्यजीवों का संरक्षण सुनिश्चित करते हुए स्थानीय ग्रामीणों और युवाओं के लिए आजीविका व रोजगार के नए अवसर पैदा करना है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का लक्ष्य
कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, अचानकमार, इंद्रावती, उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व और बस्तर जैसे क्षेत्र छत्तीसगढ़ की अनूठी प्राकृतिक संपदा को दर्शाते हैं. मुख्यमंत्री ने जोर दिया कि आधुनिक पर्यटक सुविधाओं और स्थानीय समुदायों की सहभागिता के समन्वय से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय इको-टूरिज्म मानचित्र पर मजबूती से स्थापित किया जाएगा.
