CG News: भोरमदेव अभयारण्य में ‘पंख 2026 बटरफ्लाई मीट सीजन-3’ का प्रथम चरण संपन्न, 4 राज्यों के 20 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
CG News: कवर्धा स्थित भोरमदेव अभयारण्य में ‘पंख 2026 बटरफ्लाई मीट सीजन-3’ का दो दिवसीय पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ. इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं, प्रकृति प्रेमियों और आम नागरिकों में तितलियों और वन क्षेत्र की जैव विविधता के प्रति वैज्ञानिक समझ विकसित करना और संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.

4 राज्यों के 20 प्रतिभागियों ने दर्ज कराई उपस्थिति
इस मीट में छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, बिहार और ओडिशा के 20 चयनित प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. कार्यक्रम कवर्धा वनमंडलाधिकारी निखिल अग्रवाल के नेतृत्व और अभयारण्य अधीक्षक अनिता साहू के संचालन में आयोजित किया गया, जिसमें रेंजर किशोर साहू व स्टाफ का विशेष सहयोग रहा.

करियामा गेट में टेंट स्टे और रोमांचक बटरफ्लाई ट्रेल
ग्रुप लीडर व गाइड स्वाभा सोनी के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने बटरफ्लाई ट्रेल के दौरान विभिन्न प्रजातियों की तितलियों और वन क्षेत्र की जैव विविधता का करीब से अध्ययन किया. करियामा गेट में टेंट स्टे की व्यवस्था से प्रतिभागियों को जंगल में रात्रि प्रवास का खास अनुभव मिला.
बैगा नृत्य, लाइव स्टोन पेंटिंग और मॉथ स्टडी रहे केंद्र
पहले दिन तितलियों के बेसिक अध्ययन के बाद शाम को सांस्कृतिक बैगा नृत्य और मॉथ (Moth) स्टडी का आयोजन हुआ. इसके अलावा चितेर फाउंडेशन के संस्थापक बलबीर विश्वकर्मा द्वारा लाइव स्टोन पेंटिंग सेशन भी संचालित किया गया.
आगे भी जारी रहेंगे अभियान
दूसरे दिन भी विभिन्न तितलियों और वनस्पतियों का अवलोकन कर डेटा एकत्र किया गया. समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र दिए गए. आयोजकों के अनुसार, इस मीट के आगामी चरण भोरमदेव अभयारण्य के अन्य जैव विविधता से समृद्ध क्षेत्रों में आयोजित किए जाएंगे.

One Response