CG News: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण, 19.13 लाख अनुपस्थित मतदाताओं का दोबारा होगा सत्यापन
CG News: छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत निर्वाचन आयोग ने प्रक्रिया एक बार फिर तेज कर दी है. पहले चरण के सत्यापन के दौरान जो लोग अपने घरों पर अनुपस्थित मिले थे या जो दूसरे स्थानों पर चले गए थे, उनका पुनः सत्यापन करने के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) एक बार फिर घर-घर दस्तक देंगे.
![]()
करीब 19.13 लाख अनुपस्थित और स्थानांतरित मतदाता
निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक, पूरे प्रदेश में ऐसे लगभग 19.13 लाख मतदाताओं को चिन्हित किया गया है. बीएलओ (BLO) इन सभी मतदाताओं के दर्ज पते पर पहुंचकर यह भौतिक सत्यापन करेंगे कि संबंधित नागरिक वास्तव में वहीं निवास कर रहा है या उसका स्थानांतरण हो चुका है.
![]()
पुरानी और नई वोटर लिस्ट का किया जाएगा मिलान
इस विशेष अभियान के दौरान BLO द्वारा एसआईआर (SIR) लागू होने से पहले की पुरानी मतदाता सूची और हाल ही में तैयार नई सूची का आपस में मिलान किया जाएगा. इससे उन मतदाताओं की वास्तविक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी, जिनकी जानकारी पहले चरण के दौरान स्पष्ट नहीं हो पाई थी.
हटाए गए थे 24.99 लाख नाम
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में SIR प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची से करीब 24.99 लाख फर्जी, दोहरे, स्थानांतरित और अपात्र नाम हटाए गए थे. इनमें से 6 लाख से अधिक मतदाता मृत पाए गए थे. इसी के बाद अब छूटे हुए संदिग्ध या अनुपस्थित 19 लाख से अधिक नामों की री-वेरिफिकेशन प्रक्रिया शुरू की जा रही है.
फर्जी नाम हटाने पर जोर
निर्वाचन आयोग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि राज्य का कोई भी वास्तविक और पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे. इस पुनः सत्यापन प्रक्रिया से पात्र मतदाताओं के नाम सुरक्षित रहेंगे, जबकि गलत, अपात्र या दोहरे दर्ज नामों को पूरी तरह से मतदाता सूची से बाहर कर दिया जाएगा.


One Response