CG News: यूथ इनोवेशन कॉन्क्लेव में बोले सीएम साय, छत्तीसगढ़ के युवा बनेंगे रोजगारदाता
CG News: रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कृषक मंडपम में आयोजित तीन दिवसीय ‘यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026’ में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भाग लिया. उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा शक्ति प्रदेश के भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी है. सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने वाला नहीं, बल्कि अपने कौशल, नवाचार और उद्यमिता के दम पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने वाला बनाना है. उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं और स्टार्टअप्स की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.

स्टार्टअप्स के लिए 500 करोड़ का फंड
युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री ने ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण योजना’ का उल्लेख किया, जिसके लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति-2024 लागू होने के बाद प्रदेश को लगभग 8.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं. उद्योगों के लिए प्रक्रियाओं को आसान बनाने के उद्देश्य से सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है और नए औद्योगिक पार्क विकसित किए जा रहे हैं. वर्ष 2047 तक प्रदेश की अर्थव्यवस्था को 75 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य तय किया गया है.
कृषि व वन संपदा के वैल्यू एडिशन पर जोर
अपने किसान परिवार के अनुभवों को साझा करते हुए मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध कृषि और वन संपदा में उद्यमिता की अपार संभावनाएं छिपी हैं. बस्तर के इमली, महुआ, सीताफल जैसे वनोपजों और राज्य की सुगंधित धान की किस्मों का आधुनिक प्रसंस्करण, पैकेजिंग, ब्रांडिंग व निर्यात करके नए उद्यम खड़े किए जा सकते हैं. इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का अवलोकन
कॉन्क्लेव के दौरान मुख्यमंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में बने सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का अवलोकन किया. उन्होंने वहां मौजूद बायोसेफ्टी लेवल लैब, एनिमल कल्चर लैब और प्लांट टिश्यू कल्चर लैब का निरीक्षण किया. सीएम ने कहा कि यह केंद्र विद्यार्थियों और स्टार्टअप्स के लिए ‘आइडिया से इनोवेशन और इनोवेशन से एंटरप्राइज’ तक की यात्रा को सुगम बनाने का काम करेगा, जिससे कृषि और जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी.
‘एक पेड़ माँ के नाम’ पौधरोपण और युवाओं को प्रोत्साहन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत परिसर में पौधा रोपा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. युवाओं के प्रश्नों का उत्तर देते हुए उन्होंने असफलता के डर को छोड़ नए प्रयोग करने का आह्वान किया. इस अवसर पर इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल, वैज्ञानिक, अधिकारी और बड़ी संख्या में युवा व छात्र-छात्राएं उपस्थित थे.

One Response