CG News: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में यूथ इनोवेशन कॉन्क्लेव 2026, मुख्यमंत्री साय ने युवाओं से किया संवाद
CG News: इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय (IGKV) में आयोजित बहुचर्चित ‘यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026’ में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने युवा इनोवेटर्स, स्टार्टअप उद्यमियों और विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया, कार्यक्रम के दौरान प्रदेश भर से आए युवाओं ने कृषि, स्टार्टअप, रोजगार, स्थानीय उत्पादों के एक्सपोर्ट और क्षेत्रीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से जुड़े कई महत्वपूर्ण सवाल मुख्यमंत्री के समक्ष रखे, जिस पर सीएम ने प्रशासनिक नीतियों का खाका प्रस्तुत किया.

‘विष्णु भोग’ चावल के अंतरराष्ट्रीय एक्सपोर्ट पर जोर
कार्यक्रम में एक युवा उद्यमी ने छत्तीसगढ़ के मशहूर और खुशबूदार ‘विष्णु भोग’ चावल को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने और इसके लिए आवश्यक फंडिंग का मुद्दा उठाया, सवाल का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ कृषि प्रधान राज्य है, जहां धान की विविध प्रजातियां मौजूद हैं, उन्होंने बताया कि प्रदेश में 100 से अधिक एक्सपोर्टर्स सक्रिय हैं और कृषि उत्पादों के अंतरराष्ट्रीय निर्यात को प्रोत्साहन देने के लिए APEDA का विशेष सेंटर भी प्रारंभ किया गया है, जिससे किसानों को वैश्विक बाजार मिल सके.
स्टार्टअप्स के लिए 500 करोड़ का फंड
नए उद्यमियों को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि ‘मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण योजना’ के अंतर्गत 500 करोड़ रुपये का विशाल प्रावधान किया गया है, इसके साथ ही उन्होंने राज्य की नई औद्योगिक नीति का उल्लेख करते हुए बताया कि अनुसूचित जाति व जनजाति वर्ग के लिए अलग से इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किए जा रहे हैं, जबकि कारोबारियों को पारदर्शी सुविधाएं देने के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू किया गया है, जिसके फलस्वरूप प्रदेश को 8.23 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं.
युवाओं को जॉब क्रिएटर बनने का आह्वान
युवाओं द्वारा नौकरी ढूंढने के बजाय रोजगार देने वाला (जॉब क्रिएटर) बनने से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के ‘विजन 2047’ की रूपरेखा साझा की, उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार वर्तमान में 10 प्रमुख मिशनों पर काम कर रही है, जिसका दूरगामी लक्ष्य राज्य की अर्थव्यवस्था को व्यापक विस्तार देना है, मुख्यमंत्री ने कहा कि समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों और सुदृढ़ कनेक्टिविटी के बल पर युवाओं को स्वरोजगार व उद्यमशीलता के नए अवसरों से जोड़ा जा रहा है.
इंफ्लुएंसर्स और प्रस्तावित फिल्म सिटी की चर्चा
कॉन्क्लेव में सरकारी परियोजनाओं में स्थानीय प्रतिभाओं और स्टार्टअप्स को प्राथमिकता देने की मांग उठाई गई, जिस पर सीएम ने कहा कि ‘वोकल फॉर लोकल’ सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसके अतिरिक्त इंफ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को प्रमोट करने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने राज्य में प्रस्तावित हाई-टेक ‘फिल्म सिटी’ का उल्लेख किया और कहा कि प्रदेश के युवाओं, रचनाकारों और डिजिटल क्रिएटर्स के लिए राज्य के भीतर ही नए और बड़े मंच तैयार किए जा रहे हैं.


One Response