CG News: बस्तर में बाढ़ का जायजा लेने जगदलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री साय, पीड़ितों से की मुलाकात
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को बस्तर जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी परिस्थितियों का अवलोकन किया, वे जगदलपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत डोंगाघाट पहुंचे और बाढ़ से प्रभावित परिवारों से आत्मीय मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं, मुख्यमंत्री ने प्रभावितों को भरोसा दिलाया कि इस कठिन परिस्थिति में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ उनके साथ खड़ी है और हरसंभव मदद पहुँचाई जाएगी.

मुख्यमंत्री राहत कोष से सहायता का ऐलान
बाढ़ पीड़ितों को त्वरित राहत देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ने सरकारी प्रावधानों के अलावा मुख्यमंत्री राहत कोष से प्रत्येक प्रभावित परिवार को 10-10 हजार रुपये की अतिरिक्त वित्तीय सहायता राशि देने की घोषणा की, उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि नुकसान का त्वरित सर्वे एवं सटीक आकलन कर पात्र परिवारों तक सहायता राशि जल्द से जल्द पहुँचाना सुनिश्चित करें.

इंद्रावती नदी के जलस्तर का निरीक्षण
मुख्यमंत्री साय ने इंद्रावती पुल पर जाकर नदी के जलस्तर और आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया, उन्होंने अधिकारियों से जिले के प्रभावित ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों, राहत शिविरों तथा बचाव कार्यों का विस्तृत ब्यौरा लिया, मुख्यमंत्री ने निचले तथा संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी आपातकालीन स्थिति में राहत व बचाव दलों को तुरंत सक्रिय करने के निर्देश दिए.

स्वच्छता और स्वास्थ्य सुरक्षा पर विशेष ध्यान
बाढ़ का पानी कम होने के बाद फैलने वाली जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए, उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, जलस्रोतों की सफाई और स्वास्थ्य जांच शिविर लगाने की बात कही, उन्होंने कहा कि राहत कार्य केवल पानी उतरने तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि प्रभावित परिवारों की स्थिति सामान्य होने तक जारी रहने चाहिए.
फसल, मकान और पशुधन की क्षति का शीघ्र आकलन
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से बाढ़ में क्षतिग्रस्त मकानों, फसलों, पशुधन और अन्य संपत्तियों का निष्पक्षता व संवेदनशीलता के साथ सर्वे करने को कहा, ताकि कोई भी प्रभावित परिवार शासकीय सहायता से वंचित न रहे, इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डेय, नगर निगम सभापति खेमसिंह देवांगन, बस्तर कमिश्नर डोमन सिंह, आईजी बी.एन. मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और एसपी शलभ सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे.

