CG News: धमतरी जिला प्रशासन, पुलिस और SDRF की तत्परता से 9 लोग सुरक्षित रेस्क्यू, सलोनी राहत शिविर में बेहतर इंतजाम
CG News: छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश और जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन पूरी मुस्तैदी से जुटा हुआ है, जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों के बीच बेहतरीन समन्वय और टीमवर्क देखने को मिल रहा है, संकटग्रस्त क्षेत्रों से प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए राहत एवं बचाव अभियान प्राथमिकता के आधार पर संचालित किए जा रहे हैं.

9 लोगों का सफल रेस्क्यू
कुरुद क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध लोमश ऋषि आश्रम में बाढ़ का पानी अचानक भर जाने के कारण 9 लोग संकट में फंस गए थे, सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने त्वरित कदम उठाया, स्थानीय ग्रामीणों के सक्रिय सहयोग से तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया और आश्रम में फंसे सभी 9 लोगों को सकुशल और सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया.

संवेदनशील इलाकों में तैनात की गईं बचाव टीमें
जिले के सभी बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों पर प्रशासन द्वारा लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है, किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए राहत दल, पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीमों को अलर्ट मोड पर तैनात रखा गया है, अधिकारियों द्वारा जलभराव वाले इलाकों का निरंतर दौरा किया जा रहा है ताकि आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
भोजन और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम
बाढ़ प्रभावित परिवारों की देखभाल के लिए सलोनी में स्थापित राहत शिविर में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जयंत नाहटा खुद क्षेत्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं, शिविर में ठहरे लोगों के लिए सुबह के नाश्ते से लेकर दोनों वक्त के पौष्टिक भोजन का व्यवस्थित प्रबंध किया गया है, साथ ही बीमारियों से बचाव के लिए स्वच्छता और हाइजीन का विशेष ध्यान रखा जा रहा है.
राजस्व और प्रशासनिक अमले का सेवा भाव
आपदा की इस घड़ी में राजस्व अमले और स्थानीय प्रशासन के कर्मचारियों द्वारा सेवा और समर्पण के साथ कार्य किया जा रहा है, राहत शिविरों में प्रभावित परिवारों को सुरक्षित, स्वस्थ और सहज वातावरण प्रदान करने की हर संभव कोशिश जारी है, प्रशासन का यह समन्वित प्रयास बाढ़ पीड़ितों के लिए संबल साबित हो रहा है.

One Response