CG News: सरगुजा में डबरी निर्माण से आसान हुई सिंचाई, मछली पालन से बढ़ेगी जोशमनि के परिवार की आय
CG News: छत्तीसगढ़ में सेवा संकल्प अभियान के तहत ग्रामीण आजीविका को सुदृढ़ करने के प्रयास धरातल पर रंग ला रहे हैं, सरगुजा जिले के अम्बिकापुर विकासखंड की ग्राम पंचायत बकिरमा में बनी आजीविका डबरी इसका एक बेहतरीन उदाहरण है, इस छोटी सी जल संरचना ने श्रीमती जोशमनि एक्का के परिवार के लिए खेती की सिंचाई की चिंता दूर करने के साथ-साथ अतिरिक्त आमदनी का नया जरिया भी खोल दिया है.
सहेजा जा रहा बरसाती पानी
बकिरमा निवासी जोशमनि एक्का के खेत में ग्रामीण रोजगार योजना के माध्यम से 2 लाख 99 हजार रुपये की लागत से आजीविका डबरी का निर्माण कराया गया है, पहले बारिश का पानी बहकर व्यर्थ चला जाता था, लेकिन अब डबरी में बरसाती पानी का प्रभावी संग्रहण हो रहा है, इस सहेजे गए पानी का उपयोग आवश्यकता के समय फसलों की सिंचाई में किया जा रहा है, जिससे खेती के विस्तार को बल मिला है.
अतिरिक्त आमदनी की उम्मीद
डबरी के बहुउपयोगी निर्माण से परिवार ने सिंचाई के साथ-साथ मछली पालन की नई शुरुआत की है, एकत्र जलस्रोत में मछलियां पाली जा रही हैं, जिन्हें तैयार होने पर स्थानीय बाजार में बेचा जाएगा, मछली बिक्री से होने वाली आय को दोबारा इसी काम में लगाकर परिवार अपनी आजीविका को और अधिक मजबूत करने की योजना बना रहा है, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार होगा.
पूरे परिवार में नया उत्साह
खेत में ही जल संग्रहण और मछली पालन का विकल्प मिलने से जोशमनि का पूरा परिवार उत्साहित है, परिवार के सदस्य इस काम में सक्रिय रूप से हाथ बटा रहे हैं, यहाँ तक कि बच्चे भी रुचि लेकर मछलियां लाकर डबरी में छोड़ते हैं, इस तरह जल संरक्षण की एक छोटी पहल ने पूरे परिवार को एक नए रचनात्मक और आर्थिक उद्देश्य से जोड़ दिया है.
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति व्यक्त किया आभार
सिंचाई की सुदृढ़ सुविधा और आजीविका का नया माध्यम मिलने पर जोशमनि एक्का ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति गहरा आभार व्यक्त किया है, उनकी यह सफलता की कहानी साबित करती है कि खेत में पानी सहेजने की छोटी संरचनाएं भी ग्रामीण परिवारों को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं.


One Response