CG News: एशियन गेम्स 2026 में महिला कबड्डी टीम ने जीता स्वर्ण पदक, छत्तीसगढ़ की बेटी को सीएम साय ने दी बधाई
CG News: जापान के आइची-नगोया में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया. भारत की इस ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण जीत में छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. संजू देवी राज्य के कोरबा जिले अंतर्गत केराकछार गांव की निवासी हैं, जिनकी इस स्वर्णिम उपलब्धि पर पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में खुशी और जश्न का माहौल व्याप्त है.

मुख्यमंत्री साय ने फोन पर दी शुभकामनाएं
भारतीय टीम के चैंपियन बनने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर बात कर उन्हें इस शानदार जीत के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि संजू ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन, समर्पण और दृढ़ संकल्प से न केवल छत्तीसगढ़ का मान बढ़ाया है, बल्कि पूरे देश को गौरवान्वित किया है. उन्होंने कहा कि संजू की यह उपलब्धि प्रदेश की बेटियों और उभरते युवा खिलाड़ियों के लिए एक बड़ा प्रेरणास्रोत बनेगी.
फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर जीता गोल्ड
महिला कबड्डी के फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम का सामना ईरान से हुआ, जहां भारत ने रोमांचक मैच में ईरान को 37-34 के अंतर से पराजित किया. मैच के पहले हाफ में ही भारतीय टीम ने 22-16 की बढ़त बना ली थी. दूसरे हाफ में ईरान की टीम ने वापसी का प्रयास किया, लेकिन संजू देवी के शानदार रेड पॉइंट्स और टीम के मजबूत डिफेंस के बदौलत भारत ने अपनी बढ़त बनाए रखी और स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया.
2025 के वर्ल्ड कप में बनी थीं मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर
संजू देवी का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह कोई पहला शानदार प्रदर्शन नहीं है. इससे पूर्व वर्ष 2025 में आयोजित महिला कबड्डी वर्ल्ड कप में भी भारतीय टीम को विश्व विजेता बनाने में उनकी मुख्य भूमिका रही थी. उस टूर्नामेंट के फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर’ का खिताब दिया गया था. उन्होंने छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बहतराई आवासीय बालिका कबड्डी अकादमी से अपना खेल प्रशिक्षण प्राप्त किया है.
छोटे से गांव से अंतरराष्ट्रीय मंच तक की प्रेरणादायक यात्रा
कोरबा जिले के एक सुदूर ग्रामीण अंचल से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने और तिरंगा फहराने तक का संजू देवी का सफर बेहद संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक रहा है. उनकी इस सफलता से राज्य के खेल जगत में उत्साह की लहर है. खेल प्रेमियों और स्थानीय निवासियों ने उम्मीद जताई है कि संजू देवी आने वाले समय में भी भारतीय कबड्डी को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का काम करेंगी.


One Response