CG News: मुंगेली के ऐतिहासिक मदकूद्वीप पहुंचे मुख्यमंत्री साय, प्राचीन मंदिरों में पूजा कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की मांगी दुआ
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड स्थित प्रसिद्ध ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप का दौरा किया, वहां पहुंचकर मुख्यमंत्री ने प्राचीन रामाश्रय एवं गणेश मंदिर में पूरी निष्ठा व विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की, इस अवसर पर उन्होंने भगवान से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति, शांति, समृद्धि और प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली की मंगल कामना की.

कन्या पूजन कर कन्या भोज में हुए शामिल
मंदिर परिसर में आयोजित पावन कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने श्रद्धापूर्वक कन्याओं के पैर पखारकर कन्या पूजन किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया, तत्पश्चात वे कन्या भोज में शामिल हुए और स्वयं प्रसाद ग्रहण किया, मुख्यमंत्री ने कहा कि सनातन संस्कृति में कन्याओं को देवी और मातृशक्ति का साक्षात स्वरूप माना गया है, कन्या पूजन हमारी समृद्ध परंपराओं में मातृशक्ति के प्रति अपार श्रद्धा और सम्मान की सुंदर अभिव्यक्ति है.

मंदिर संग्रहालय का अवलोकन कर पुरातात्विक महत्व जाना
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पुरातत्व विभाग द्वारा मदकूद्वीप में स्थापित मंदिर संग्रहालय का भी अवलोकन किया, उन्होंने वहां संरक्षित की गई प्राचीन पुरातात्विक धरोहरों, मूर्तियों और ऐतिहासिक अवशेषों के संबंध में अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली, उन्होंने कहा कि मदकूद्वीप इतिहास, आस्था और प्रकृति के अद्भुत संगम का प्रतीक है, जो हमारी गौरवशाली विरासत से नई पीढ़ी को परिचित कराने का सशक्त माध्यम है.
सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को बताया अमूल्य निधि
मुख्यमंत्री ने जोर देकर कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत और सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण व संवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, हमारी ऐतिहासिक, धार्मिक और पुरातात्विक धरोहरें केवल अतीत की स्मृतियां मात्र नहीं हैं, बल्कि यह आने वाली भावी पीढ़ियों को अपनी मूल संस्कृति और समृद्ध परंपराओं से निरंतर जोड़े रखने वाली अमूल्य निधि हैं.
केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित
मदकूद्वीप में आयोजित इस भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु नागरिक उपस्थित रहे.

