CG News: मतदाता सूची सुधार, झीरम घाटी और संगठन में फेरबदल पर बोले सीएम साय, प्रक्रिया और अदालत के आदेश का किया समर्थन
CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निर्वाचन आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान की प्रक्रिया का पुरजोर समर्थन किया है. उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक स्वायत्त और संवैधानिक संस्था है, जहां सभी मुद्दों और नियमों पर विस्तार से विचार-विमर्श के बाद ही सर्वसम्मति से निर्णय लिए जाते हैं. सीएम साय ने स्पष्ट किया कि यदि SIR प्रक्रिया के माध्यम से फर्जी और अवैध मतदाताओं की पहचान कर उन्हें मतदाता सूची से बाहर किया जा रहा है, तो इस पारदर्शी कदम में किसी को कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए.
![]()
कोर्ट के फैसले का स्वागत करने की अपील
झीरम घाटी हत्याकांड के पीड़ित परिवारों की 26 सितंबर को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से होने वाली प्रस्तावित मुलाकात पर मुख्यमंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि झीरम घाटी मामले की न्यायिक सुनवाई करीब 13 वर्षों तक चली, जिसमें 100 से अधिक गवाहों के बयान और महत्वपूर्ण साक्ष्य दर्ज किए गए. लंबी और गहन कानूनी प्रक्रिया के बाद अब अदालत का फैसला सामने आ चुका है, इसलिए सभी पक्षों को न्यायपालिका के इस निर्णय का सम्मान और स्वागत करना चाहिए.
नियुक्ति से मजबूत होगा भाजपा संगठन
भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक बदलाव के तहत कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ भाजपा का नया प्रदेश संगठन महामंत्री बनाए जाने पर मुख्यमंत्री ने हर्ष जताया. उन्होंने कहा कि संगठन में समय-समय पर बदलाव एक स्वाभाविक और निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है. कर्मवीर सिंह के लंबे सांगठनिक अनुभव से छत्तीसगढ़ भाजपा के कार्यविस्तार को नई दिशा और मजबूती मिलेगी.
पवन साय के योगदान की सराहना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पूर्व प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय के कार्यकाल का विशेष रूप से उल्लेख किया. उन्होंने कहा कि पवन साय ने लंबे समय तक निष्ठा और कुशलता के साथ छत्तीसगढ़ में पार्टी संगठन की जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है. अब पार्टी के राष्ट्रीय निर्णय और सांगठनिक फेरबदल के तहत कर्मवीर सिंह को छत्तीसगढ़ और पवन साय को झारखंड की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है.


One Response