CG News : CM साय का बड़ा ऐलान! बीरगांव के 4 इलाकों में होगा सर्वे, मिलेगा आवासीय पट्टा
CG News : रायपुर जिले के बीरगांव में बुधवार को विकास कार्यों को लेकर बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में करीब 135 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पेयजल, सीवरेज, सड़क-नाली, खेल, शिक्षा और बिजली से जुड़ी कई नई घोषणाएं कीं। उन्होंने रावाभाटा, बजारीपारा, उरकुरा और मजदूर नगर में आवासीय पट्टे के लिए सर्वे कराने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री के मुताबिक सर्वे के बाद पात्र लोगों को आवासीय पट्टा देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
सीवरेज, पानी और खेल सुविधाओं पर फोकस

बीरगांव में सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट यानी STP के निर्माण के लिए 82 करोड़ रुपए की घोषणा की गई है। इसके अलावा ओवरहेड टंकी के लिए 10 करोड़ रुपए और अधोसंरचना एवं नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए देने की बात कही गई। सरोरा में खेल मैदान के लिए 5 करोड़ रुपए, उरकुरा मल्टी स्पोर्ट्स ग्राउंड और अन्य नगर विकास कार्यों पर भी जोर दिया गया। वहीं बीरगांव में नालंदा परिसर के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपए और कॉलेज ग्राउंड में ई-लाइब्रेरी के लिए 89 लाख रुपए की घोषणा की गई है। बिजली व्यवस्था से जुड़ी स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए विद्युत विभाग का जोन कार्यालय खोलने का भी ऐलान किया गया।
विकास पर कांग्रेस से सियासी तकरार
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपनी सरकार के विकास कार्यों की तुलना पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पांच साल में बीरगांव में करीब 95 करोड़ रुपए के विकास कार्य हुए, जबकि उनकी सरकार ने ढाई साल में नगर निगम को 160 करोड़ रुपए से अधिक की राशि उपलब्ध कराई है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना का भी उल्लेख किया। साथ ही कांग्रेस पर राजनीतिक हमला करते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग ‘इटली के चश्मे’ से विकास को देखते हैं और विकास देखने के लिए उन्हें ‘देश निर्माण का चश्मा’ पहनना पड़ेगा। अब मुख्यमंत्री की घोषणाओं के बाद इन योजनाओं के क्रियान्वयन और चार इलाकों में होने वाले आवासीय पट्टा सर्वे पर लोगों की नजर रहेगी।
यह भी पढे : CG News: 3 किलोवाट सोलर पैनल से शून्य हुआ बिजली बिल, प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना से मिली आर्थिक राहत



One Response