CG News: छत्तीसगढ़ में 23 सितंबर से ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान, दान से लेकर स्वच्छता और स्वास्थ्य तक होंगे कई कार्यक्रम
CG News: छत्तीसगढ़ में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत 23 से 25 सितंबर तक सभी जिलों के नगरीय निकाय क्षेत्रों में ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान आयोजित किया जाएगा. मुख्य सचिव विकासशील ने मंत्रालय महानदी भवन से कलेक्टरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर इसकी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए. इसके बाद 2 से 8 अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में सेवा संकल्प एवं दान उत्सव के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी.

सेवा और दान से जुड़ी होंगी अलग-अलग गतिविधियां
अभियान के दौरान सेवा एवं स्वच्छता, अन्न और वस्त्र दान, विद्या दान, शिक्षा सहयोग, कौशल एवं ज्ञान दान जैसी गतिविधियां होंगी. इसके अलावा हरित छत्तीसगढ़, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य एवं रक्तदान, अंगदान, देहदान और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. स्थानीय उत्पादन और महिला सशक्तिकरण को भी अभियान में शामिल किया गया है. एनसीसी, एनएसएस, स्वयंसेवक, स्व-सहायता समूह और सामाजिक संस्थाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं.
परिवारों का होगा सम्मान
मुख्य सचिव ने कलेक्टरों को निर्देश दिए कि जिन परिवारों के मृत परिजनों ने देहदान या अंगदान किया है, उन्हें सम्मानित किया जाए. अंगदान से लाभ पाने वाले लोगों के परिवारों को भी कार्यक्रमों में शामिल करने और उनकी प्रतिक्रिया लेने की बात कही गई. उन्होंने कहा कि अंगदान को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएं. इसका उद्देश्य लोगों को अंगदान के लिए आगे आने के लिए प्रेरित करना है.
10 हजार पौधे लगाने का रखा गया लक्ष्य
‘हरित छत्तीसगढ़’ अभियान को ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल से जोड़ते हुए स्थानीय प्रजातियों के 10 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है. इसके साथ ही जल संरक्षण, जलस्रोतों की सफाई और प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम भी होंगे. प्रदेशभर में महा रक्तदान अभियान, स्वास्थ्य जांच शिविर और मेगा कैंप लगाए जाएंगे. जरूरतमंदों के लिए महा अन्नदान, गरिमा किट, बुक ट्री, स्कूल किट और शिक्षा सहयोग जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे.
आवेदनों का समय पर होगा निराकरण
मुख्य सचिव ने सेवा सेतु शिविरों में आने वाले आवेदनों का समयबद्ध तरीके से परीक्षण और निराकरण करने के निर्देश दिए. इन शिविरों में केंद्र सरकार की 26 प्रमुख योजनाओं को शामिल कर पात्र लोगों को लाभ दिलाने पर जोर दिया गया. मुख्यमंत्री हेल्पलाइन और लोक सेवा गारंटी से जुड़ी शिकायतों की भी समय-सीमा में समीक्षा करने को कहा गया. इसके अलावा गिरदावरी सर्वे में शुद्धता, जल जीवन मिशन की साप्ताहिक समीक्षा और स्वच्छ भारत मिशन के लक्ष्यों की नियमित निगरानी के निर्देश भी कलेक्टरों को दिए गए.

One Response