CG News: नवा रायपुर में 22 सितंबर को तीज मिलन उत्सव, पारंपरिक छत्तीसगढ़ी संस्कृति और व्यंजनों की दिखेगी झलक
CG News: छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं और पारंपरिक तिहारों को सहेजने के उद्देश्य से नवा रायपुर में तीज मिलन उत्सव का आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यक्रम 22 सितंबर 2026, मंगलवार को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक एम-12, सेक्टर-24, अटल नगर, नवा रायपुर में आयोजित होगा. कार्यक्रम की मेजबानी राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, पुनर्वास तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा करेंगे.

CM साय और विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह होंगे शामिल
तीज मिलन उत्सव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी कौशल्या देवी साय के साथ शामिल होंगे. वहीं छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह भी अपनी पत्नी वीणा सिंह के साथ कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे. इसके अलावा प्रदेश के कई मंत्री, जनप्रतिनिधि और अन्य गणमान्य नागरिक भी इस आयोजन में शामिल होंगे.
छत्तीसगढ़िया संस्कृति को मिलेगा मंच
इस आयोजन का उद्देश्य छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति, लोक परंपराओं और तिहारों की विरासत को आगे बढ़ाना है. कार्यक्रम के जरिए छत्तीसगढ़िया अस्मिता और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया जाएगा. आयोजन में पारंपरिक तीजा पर्व से जुड़ी परंपराओं और लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी.
भाईचारे और सामाजिक समरसता का संदेश
मंत्री टंक राम वर्मा के मुताबिक, छत्तीसगढ़ के पारंपरिक पर्व केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं हैं. इन त्योहारों के जरिए समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का अवसर मिलता है. तीज मिलन उत्सव के माध्यम से लोगों को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है.
पारंपरिक व्यंजनों और लोक संस्कृति की दिखेगी झलक
तीज मिलन उत्सव में छत्तीसगढ़ी खान-पान और लोक संस्कृति के रंग भी नजर आएंगे. कार्यक्रम में पारंपरिक छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के साथ तीजा पर्व से जुड़े आत्मीय अनुष्ठानों की झलक देखने को मिलेगी. आयोजकों के अनुसार, इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को प्रदेश की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने में मदद करेंगे.

One Response