CG News: लोक निर्माण विभाग की ई-टेंडरिंग व्यवस्था बदली, 1 अक्टूबर से नए पोर्टल पर होंगी सभी नई निविदाएं
CG News: लोक निर्माण विभाग में ई-टेंडरिंग की मौजूदा व्यवस्था में बड़ा बदलाव होने जा रहा है. 1 अक्टूबर 2026 से विभाग की सभी नई निविदाओं का सृजन और प्रकाशन नए सरकारी ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल के जरिए किया जाएगा. टेंडर जारी करने से लेकर बिड प्राप्त करने, मूल्यांकन और आगे की प्रक्रिया तक सभी काम ऑनलाइन इसी प्लेटफॉर्म पर पूरे होंगे.

ठेकेदारों के लिए पोर्टल पर नामांकन जरूरी
नई व्यवस्था के तहत निविदाओं में हिस्सा लेने वाले सभी ठेकेदारों को नए पोर्टल पर अपना नामांकन कराना अनिवार्य होगा. विभाग ने ठेकेदारों को अंतिम समय में होने वाली तकनीकी परेशानी से बचाने के लिए पहले ही रजिस्ट्रेशन पूरा करने की सलाह दी है. इसके लिए विभाग की ओर से व्यापक स्तर पर जानकारी भी साझा की जा रही है.
अधिकारियों और ठेकेदार संघ को भेजा गया पत्र
लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वीके भतपहरी ने विभागीय अधिकारियों के साथ ठेकेदार संघ के अध्यक्ष वीरेश शुक्ला और रूपेश सिंघल को पत्र भेजा है. इसमें नई ई-टेंडरिंग व्यवस्था की जानकारी ठेकेदारों तक पहुंचाने और उन्हें समय रहते नए पोर्टल पर नामांकन कराने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं.
पुराने पोर्टल की लंबित प्रक्रिया मार्च 2027 तक चलेगी
30 सितंबर 2026 तक पुराने ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर प्रकाशित निविदाओं से जुड़ी बिड प्राप्ति, तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन, स्वीकृति समेत लंबित ऑनलाइन कार्यवाही पुराने पोर्टल पर ही पूरी की जाएगी. इन प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए 31 मार्च 2027 तक की समयसीमा तय की गई है. इसके बाद पुराने पोर्टल पर नई निविदा संबंधी कोई प्रक्रिया नहीं होगी.
विभागीय अधिकारियों की तकनीकी तैयारी भी शुरू
नई व्यवस्था को लागू करने के लिए विभागीय स्तर पर भी तैयारियां तेज कर दी गई हैं. निविदा आमंत्रण अधिकारियों, तकनीकी और वित्तीय मूल्यांकन समितियों के सदस्यों तथा संबंधित कर्मचारियों को यूजर आईडी तैयार करने, रोल मैपिंग और डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट से जुड़ी प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं. विभाग का लक्ष्य है कि 1 अक्टूबर से नई ई-टेंडरिंग व्यवस्था बिना किसी तकनीकी या प्रशासनिक बाधा के सुचारू रूप से संचालित हो.

One Response